Saharanpur News: नगर निगम सहारनपुर की कार्यकारिणी के छह नए सदस्यों का चुनाव शुक्रवार को निर्विरोध संपन्न हो गया. जनमंच सभागार में महापौर डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित निगम बोर्ड की बैठक में निर्वाचित सदस्यों की घोषणा की गई और उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान किए गए.
ADVERTISEMENT
निर्विरोध निर्वाचित होने वालों में वार्ड-70 के महमूद हसन, वार्ड-57 के फजलुर्रहमान, वार्ड-37 के गौरव कपिल, वार्ड-34 के सुधीर पंवार, वार्ड-29 के दीपक रहेजा और वार्ड-27 के वीरसेन कुमार (सिद्धू) शामिल हैं. इनमें फजलुर्रहमान लगातार दूसरी बार कार्यकारिणी सदस्य चुने गए हैं.
कार्यकारिणी के पूर्व सदस्यों राजेंद्र सिंह (कोहली), दिग्विजय सिंह, अनुज जैन, संजय सैनी, शबाना परवीन और फजलुर्रहमान का कार्यकाल पूरा होने के बाद नए सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई थी.
चुनाव अधिकारी सच्चिदानंद त्रिपाठी और सहायक चुनाव अधिकारी मनोज त्रिपाठी की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई. जिलाधिकारी की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह और एडीईओ मनोज कुमार सिंह पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे. कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए कुल नौ पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया था. जांच के दौरान वार्ड-60 के पार्षद परवेज मलिक का नामांकन निरस्त कर दिया गया. इसके बाद वार्ड-31 के पार्षद समीर और वार्ड-48 के पार्षद दिग्विजय सिंह ने आपसी सहमति से अपने नामांकन वापस ले लिए. इसके चलते शेष छह उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए.
महापौर डॉ. अजय कुमार और नगरायुक्त शिपू गिरि ने नवनिर्वाचित सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं. महापौर ने कहा कि सहारनपुर नगर निगम प्रदेश का ऐसा नगर निगम है, जहां कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव हमेशा आपसी सहमति और लोकतांत्रिक परंपरा के तहत होता रहा है.
यह पार्षदों के बीच संवाद, विश्वास और शहर के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है. इस अवसर पर उपसभापति मयंक गर्ग, अपर नगरायुक्त मृत्युंजय, महाप्रबंधक (जल) पुरुषोत्तम कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी और पार्षद उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT











