‘उसे छोड़ दे…’ नहीं माना विपिन, सहारनपुर में गर्लफ्रेंड को लेकर बौखलाए मोबिन ने कर दिया दोस्त का मर्डर

राहुल कुमार

• 01:33 PM • 21 Jul 2026

सहारनपुर के सरसावा में 19 साल के विपिन हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस के मुताबिक दोस्त की गर्लफ्रेंड से नजदीकी के चलते विपिन की हत्या की गई.

Vipin Murder Case Saharanpur

Vipin Murder Case Saharanpur (Photo: Representational)

Google CTA

Vipin Murder Case Saharanpur: सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र में 19 साल के विपिन हत्याकांड में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक दोस्त की गर्लफ्रेंड से बढ़ी नजदीकियों को लेकर विपिन की हत्या की गई थी. अब इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों मोबिन और रहमान को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है. आरोपियों की निशानदेही पर मृतक के दस्तावेज और हत्या में इस्तेमाल किया गया गमछा भी बरामद किया गया है.

यह भी पढ़ें...

गन्ने के खेत में मिला था विपिन का शव

सहारनपुर के थाना सरसावा क्षेत्र के गांव कुतुबपुर में 17 जुलाई 2026 को 19 साल के विपिन का शव बरामद हुआ था. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई थी. इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की. एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस टीम और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास दो संदिग्ध लोगों की गतिविधियां सामने आईं, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने दबोचे दोनों आरोपी

पुलिस के अनुसार, हत्या के मामले में आरोपी मोबिन और रहमान को नकुड़-शाहजहांपुर मार्ग स्थित टाबर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक विपिन की मार्कशीट, आधार कार्ड और हत्या में इस्तेमाल किया गया गमछा बरामद किया है. पुलिस दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

दोस्त की रिश्तेदार युवती से विपिन की थी दोस्ती

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी मोबिन ने बताया कि वह और विपिन एक ही गांव के रहने वाले थे और दोनों के बीच दोस्ती थी. मोबिन अक्सर विपिन को अपनी रिश्तेदारी में लेकर जाता था. इसी दौरान वह उसे शामली जिले के जंधेड़ी गांव लेकर गया था, जहां मोबिन की रिश्तेदार युवती से विपिन की दोस्ती हो गई और दोनों आपस में बातचीत करने लगे. मोबिन ने पुलिस को बताया कि वह खुद भी उस युवती से शादी करना चाहता था और उसे विपिन का उससे बात करना पसंद नहीं था. उसने कई बार विपिन को युवती से बातचीत बंद करने के लिए कहा, लेकिन विपिन नहीं माना. इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश बढ़ गई.

नशा करने के बहाने बुलाया

पुलिस के मुताबिक, मोबिन ने विपिन को रास्ते से हटाने के लिए अपने रिश्तेदार रहमान के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई. 17 जुलाई को दोनों आरोपी शामली के जंधेड़ी गांव से कुतुबपुर पहुंचे और मोबिन ने फोन कर विपिन को नशा करने के बहाने बुलाया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया, 'मैं और विपिन दोनों एक ही गांव के निवासी हैं और आपस में दोस्त थे. मैंने उसे कई बार युवती से बात न करने के लिए कहा था, लेकिन वह नहीं माना. इसके बाद मैंने उसकी हत्या की योजना बनाई.' आरोपी के अनुसार, तीनों गन्ने के खेत में शीशम के पेड़ के नीचे बैठे और नशा किया. इसके बाद युवती से बात करने को लेकर विवाद हुआ. विवाद बढ़ने पर मोबिन ने गमछे से विपिन का गला दबा दिया, जबकि रहमान ने उसके पैर पकड़ लिए. इसके बाद दोनों आरोपी विपिन को मृत अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए.

पुलिस ने दो आरोपियों को भेजा जेल

एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया, '17 जुलाई 2026 को थाना सरसावा क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक की डेड बॉडी पुलिस को बरामद हुई थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी गला दबाकर हत्या करना सामने आया था. पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की. सर्विलांस के माध्यम से दो संदिग्धों की लोकेशन मिली, जिसके आधार पर दोनों को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया गया.' सहारनपुर के इस हत्याकांड में पुलिस ने शुरुआती जांच में प्रेम संबंध और आपसी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह बताया है. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है.