Saharanpur News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के समर्थन में पहुंचे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के बाद सहारनपुर में भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई. कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें दिल्ली जाने से रोकने के लिए पुलिस ने नजरबंद कर दिया.
ADVERTISEMENT
कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप राणा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के आह्वान पर वह कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए थे, लेकिन देहरादून से लौटते समय बिहारीगढ़ टोल प्लाजा पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया. उनका कहना है कि जिले में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सूची बनाकर उन्हें दिल्ली जाने से रोका जा रहा है. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि विपक्ष के नेताओं के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है.
कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा ने कहा कि छात्रों की मांगों के समर्थन में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य विपक्षी दलों के नेता प्रदर्शन कर रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने महिला नेताओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया. शर्मा ने कहा कि छात्रों की मांगों को दबाने के बजाय सरकार को उनसे संवाद करना चाहिए.
वहीं समाजवादी पार्टी के नेता टिंकू अरोड़ा ने दावा किया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली में हिरासत में लिया गया, जबकि सहारनपुर में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को घरों पर ही नजरबंद कर दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है और लोकतांत्रिक विरोध को भी रोका जा रहा है. कांग्रेस और सपा नेताओं ने कहा कि यदि उन्हें रोका भी गया, तब भी वे छात्रों के समर्थन में अपना विरोध जारी रखेंगे.
ADVERTISEMENT











