Barabanki News: तहसील रामनगर क्षेत्र के सहकारी संघ लिमिटेड बुढ़वल, आदर्श नगर पंचायत सहकारी संघ और तेलियानी बी-पैक्स केंद्र पर बुधवार को यूरिया खाद लेने पहुंचे किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा.वितरण शुरू न होने पर किसानों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने हंगामा करते हुए तत्काल व्यवस्था बहाल करने की मांग की.
ADVERTISEMENT
किसानों का कहना था कि केंद्रों पर यूरिया उपलब्ध होने के बावजूद तकनीकी समस्या के कारण वितरण नहीं हो पा रहा है. केंद्र के सचिव ने बताया कि पॉस मशीन में सर्वर डाउन होने से फिंगरप्रिंट सत्यापन नहीं हो पा रहा है, जिसके चलते यूरिया वितरण पूरी तरह प्रभावित है. इससे किसानों को बिना खाद लिए ही वापस लौटना पड़ रहा है.
सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता मौके पर पहुंचीं और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. इसके बाद तहसीलदार विपुल सिंह भी केंद्र पहुंचे और सचिव से पूरे मामले की जानकारी ली. अधिकारियों ने किसानों को भरोसा दिलाया कि समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभाग और उच्च अधिकारियों से तत्काल संपर्क किया जाएगा.
ग्रामीण शैलेश कुमार यादव ने बताया कि सर्वर की समस्या कई दिनों से बनी हुई है. किसान लगातार सहकारी केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार तकनीकी खराबी का हवाला देकर लौटा दिया जाता है. इससे खेती के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और समय पर यूरिया नहीं मिल पा रही है.उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच कराई गई है.
यदि पॉस मशीन और सर्वर की तकनीकी समस्या के कारण वितरण बाधित हो रहा है तो इसकी रिपोर्ट तत्काल उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी. उन्होंने कहा कि किसानों को जल्द से जल्द यूरिया उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
ADVERTISEMENT











