Barabanki News: थाना रामनगर पुलिस ने घर में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके कब्जे से ₹6,25,300 नकद के साथ बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं. बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार, ग्राम लोधौरा निवासी ललिता किन्नर ने थाना रामनगर में तहरीर देकर बताया था कि उनके यहां नौकर के रूप में कार्यरत विवेक सिंह उर्फ गोलू उर्फ बिछी, निवासी ग्राम रसूलपुर, थाना सोहरामऊ, जनपद उन्नाव, ने 8 जुलाई 2026 को उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर घर में रखी नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे. इस संबंध में थाना रामनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. डिजिटल साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने शुक्रवार को पुराने हाईवे के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से ₹6,25,300 नकद, सोने की अंगूठियां, चेन, बालियां, नाक की कील, लॉकेट, सिक्के, टप्स तथा चांदी के सिक्के, बिस्किट, पायल, चेन, अंगूठियां, कुण्डल, बिछिया और हाथफूल सहित बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद किए गए.
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह वादिनी के घर पर नौकर था और उनकी अनुपस्थिति का लाभ उठाकर नकदी व जेवरात चोरी कर फरार हो गया था. बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस भी बढ़ाई गई है.
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक रजनीश कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल अविनाश कुमार, अंकित सोनी और रोहित साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT











