Barabanki News: तहसील रामनगर क्षेत्र में घाघरा घाट स्थित संजय सेतु के निकट सरयू (घाघरा) नदी पर संजय सेतु की मरम्मत के दौरान आवागमन सुचारु रखने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा बनाया गया अस्थायी पीपा पुल अब पूरी तरह हटाया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
संजय सेतु की मरम्मत पूरी होने के बाद विभागीय कर्मचारियों ने नदी में स्थापित सभी पीपों को बाहर निकाल लिया है और उनसे जुड़े लोहे के पार्ट, प्लेटें तथा अन्य आवश्यक उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का कार्य तेजी से शुरू कर दिया है.
घाघरा नदी में लगातार जलस्तर बढ़ने के कारण विभाग ने यह अभियान युद्धस्तर पर चलाया है. बताया जा रहा है कि नदी का जलस्तर प्रति घंटे लगभग एक सेंटीमीटर की दर से बढ़ रहा है. ऐसे में नदी किनारे रखे पीपा पुल के लोहे के हिस्सों के पानी में डूबने की आशंका को देखते हुए रविवार को कर्मचारियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए क्रेन की मदद से सभी भारी उपकरणों को ट्रकों पर लादना शुरू कर दिया.
मौके पर बड़ी संख्या में विभागीय कर्मचारी और मशीनें लगाई गई हैं. क्रेन के माध्यम से एक-एक कर पीपा पुल के सभी महत्वपूर्ण हिस्सों को उठाकर सुरक्षित स्थानों के लिए रवाना किया जा रहा है.
अधिकारियों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो नदी किनारे रखा सामान पानी की चपेट में आ सकता है, जिससे विभाग को नुकसान उठाना पड़ सकता है. इसी वजह से पूरे अभियान को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि संजय सेतु की मरम्मत के दौरान पीपा पुल ने हजारों लोगों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई थी. अब सेतु पर यातायात सामान्य होने के बाद अस्थायी पुल की आवश्यकता समाप्त हो गई है. बढ़ते जलस्तर को देखते हुए विभाग समय रहते सभी उपकरणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटा है, ताकि मानसून के दौरान किसी प्रकार की क्षति न हो.
राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी अनंत मौर्य ने बताया नदी का जलस्तर बढ़ा जिससे पीपा पुल नदी के बाहर निकाल दिए गए हैं उसके जरूरी पार्ट नदी के स्थान से हटाकर दूसरे स्थान पर भेजे जा रहे हैं.
ADVERTISEMENT











