Barabanki News: जनपद बाराबंकी की तहसील फतेहपुर में प्रतिदिन सुबह लगने वाली सब्जी मंडी शुक्रवार को हुई तेज बारिश के कारण जलमग्न हो गई. कुछ ही देर की मूसलाधार बारिश से मंडी परिसर और मुख्य मार्ग पर पानी भर गया, जिससे सैकड़ों सब्जी विक्रेताओं, मजदूरों और खरीदारी करने पहुंचे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. मंडी में कई स्थानों पर घुटनों तक पानी जमा हो गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया.
ADVERTISEMENT
बारिश के कारण मंडी में लगी सब्जियों तक गंदा पानी पहुंच गया. कई दुकानदारों की सब्जियां भीग गईं और कुछ का सामान खराब होने की आशंका बढ़ गई. पानी भर जाने से ग्राहक भी खरीदारी करने में असहज नजर आए, जिसके चलते व्यापार पर भी असर पड़ा. मंडी के अंदर कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी झेलनी पड़ी.
स्थानीय सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि तेज बारिश होते ही मंडी में हर बार जलभराव की स्थिति बन जाती है. उनका उनका कहना है कि आसपास नालियां तो बनी हुई हैं, लेकिन अधिक बारिश होने पर पानी की निकासी पर्याप्त नहीं हो पाती। नतीजतन पूरा बाजार पानी से भर जाता है और दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. विक्रेताओं ने बताया कि गंदे पानी के बीच सब्जियां बेचने को मजबूर होना पड़ता है, जिससे ग्राहकों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है.
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन एवं नगर पंचायत से मांग की है कि फतेहपुर सब्जी मंडी में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए। साथ ही नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने और बरसात के दौरान नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में दुकानदारों, मजदूरों और आम लोगों को इस तरह की कठिनाइयों का सामना न करना पड़े. बारिश के बाद मंडी का सामान्य संचालन काफी देर तक प्रभावित रहा और लोगों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी.
ADVERTISEMENT











