Barabanki Weather Update : बारिश का असर, घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ा, तटीय इलाकों पर प्रशासन की पैनी नजर

Newzo

• 09:59 AM • 08 Jul 2026

Barabanki Rain News 8th July 2026: बाराबंकी में लगातार हो रही बारिश के बाद घाघरा (सरयू) नदी का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. फिलहाल नदी खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन तटीय इलाकों पर प्रशासन और केंद्रीय जल आयोग की पैनी नजर बनी हुई है. लोगों से सतर्क रहने और नदी किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की गई है.

बारिश का असर, घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ा, तटीय इलाकों पर प्रशासन की पैनी नजर

बारिश का असर, घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ा, तटीय इलाकों पर प्रशासन की पैनी नजर

Google CTA

Barabanki Rain News 8th July 2026: तहसील रामनगर क्षेत्र में बहने वाली घाघरा (सरयू) नदी का जलस्तर लगातार बढ़ना शुरू हो गया है, केंद्रीय जल आयोग के अनुसार बुधवार को नदी का जलस्तर 104.690 मीटर दर्ज किया गया और इसमें प्रति घंटे लगभग एक सेंटीमीटर की दर से वृद्धि हो रही है, हाल के दिनों में हुई बारिश के चलते नदी में पानी का बहाव तेज होने लगा है. जो नदी कुछ दिन पहले तक कई स्थानों पर लगभग सूखी दिखाई दे रही थी, वहां अब धीरे-धीरे पानी पहुंचने लगा है.

यह भी पढ़ें...

केंद्रीय जल आयोग के कर्मचारी विवेक कुमार ने बताया कि लगातार हो रही वर्षा के कारण नदी के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की जा रही है. फिलहाल नदी खतरे के निशान से काफी नीचे बह रही है, इसलिए किसी प्रकार की घबराने वाली स्थिति नहीं है. इसके बावजूद आयोग की टीम नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है और हर घंटे जलस्तर का रिकॉर्ड लिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि यदि वर्षा का क्रम जारी रहता है तो आने वाले दिनों में जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है.

जलस्तर बढ़ने का असर नदी किनारे बसे गांवों में भी दिखाई देने लगा है. कोरिनपुरवा सहित कई तटीय क्षेत्रों के पास नदी का पानी पहुंच गया है और बहाव पहले की तुलना में बढ़ा है. हालांकि अभी तक किसी गांव में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं बनी है और न ही ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रशासन और केंद्रीय जल आयोग की टीम स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष मानसून के दौरान घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ता है, इसलिए ग्रामीण स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, प्रशासन ने भी लोगों से नदी के किनारों पर अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है. यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले दिनों में नदी के जलस्तर में और वृद्धि होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.