Barabanki News: तहसील रामनगर की ग्राम पंचायत महादेवा से लंबापुरवा जाने वाले डामर सड़क मार्ग पर पिछले दो माह से अधिक समय से जल निगम की पाइपलाइन में लीकेज के कारण लगातार जलभराव बना हुआ है. सड़क पर लगातार बह रहे पानी से नई बनी डामर सड़क बीच से क्षतिग्रस्त हो गई है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक लीकेज की समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया है, जिससे विभागीय लापरवाही उजागर हो रही है.
ADVERTISEMENT
ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम जाने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल है, प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं. सड़क पर पानी भरा रहने से राहगीरों को फिसलन, कीचड़ और दुर्घटना का खतरा बना रहता है. लगातार जलभराव के कारण नई डामर सड़क बीच से उखड़ने लगी है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की भी आशंका जताई जा रही है.
ग्रामीण पप्पू और रामकुमार ने बताया कि पाइपलाइन लीकेज की समस्या पिछले दो माह से बनी हुई है. सड़क पर लगातार पानी बहने से नई बनी सड़क खराब हो गई है. उन्होंने कहा कि यह मार्ग मुक्ति मार्ग होने के साथ-साथ लोधेश्वर महादेव मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं का प्रमुख रास्ता भी है. ऐसे में विभाग को तत्काल लीकेज ठीक कराकर सड़क की मरम्मत करानी चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके.
इस संबंध में ग्राम प्रधान राजन तिवारी ने बताया कि जल निगम के अधिकारियों को पाइपलाइन लीकेज की सूचना दे दी गई है. विभाग को समस्या से अवगत कराया गया है और जल्द ही लीकेज की मरम्मत कराकर जलभराव समाप्त कराया जाएगा. ग्रामीणों ने भी मांग की है कि जल निगम तत्काल प्रभाव से पाइपलाइन दुरुस्त कराए तथा क्षतिग्रस्त डामर सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन को सुरक्षित बनाया जाए, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी समाप्त हो सके.
ADVERTISEMENT











