Barabanki News: बाराबंकी में मेहरबान हुआ मानसून, झमाझम बारिश से किसानों के खिले चेहरे, खेतों में पर्याप्त पानी भरने से रोपाई का काम तेज

Newzo

• 01:43 PM • 09 Jul 2026

Barabanki Weather Today 9th July 2026:बाराबंकी में गुरुवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाने के साथ किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी. खेतों में पर्याप्त पानी भरने से धान की रोपाई ने रफ्तार पकड़ ली है, जबकि सिंचाई की लागत घटने और खरीफ फसलों की बेहतर पैदावार की उम्मीद बढ़ गई है.

 बाराबंकी में मेहरबान हुआ मानसून, झमाझम बारिश से किसानों के खिले चेहरे, खेतों में पर्याप्त पानी भरने से रोपाई का काम तेज

बाराबंकी में मेहरबान हुआ मानसून, झमाझम बारिश से किसानों के खिले चेहरे, खेतों में पर्याप्त पानी भरने से रोपाई का काम तेज

Google CTA

Barabanki Weather Today 9th July 2026: जनपद में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और देखते ही देखते आसमान घने बादलों से ढक गया. इसके बाद शुरू हुई झमाझम बारिश ने पूरे जिले को तरबतर कर दिया. रामनगर, नवाबगंज, फतेहपुर, हैदरगढ़, सिरौलीगौसपुर और रामसनेहीघाट सहित सभी छह तहसीलों में हुई मूसलाधार वर्षा से मौसम सुहाना हो गया. कई दिनों से भीषण उमस और गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई.

यह भी पढ़ें...

खरीफ सीजन के तहत जिले में इन दिनों धान की रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है. बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी और नमी मिलने के कारण किसानों को सिंचाई के लिए डीजल पंप पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी, जिससे उनकी लागत भी घटेगी. खेतों में किसान और मजदूर बारिश के बीच उत्साह के साथ धान की रोपाई करते नजर आए.

रामनगर समेत जिले के कई ग्रामीण इलाकों में बारिश का सबसे अधिक फायदा खेती-किसानी को मिला. किसानों का कहना है कि समय पर हुई यह बारिश धान की फसल के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी. खेतों में पर्याप्त पानी भरने से रोपाई का काम तेज होगा और फसल की बेहतर बढ़वार की उम्मीद भी बढ़ गई है.

किसान देव कुमार, महेश कुमार और राम सुमिरन ने बताया कि यह बारिश किसानों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है. इससे सिंचाई का खर्च कम होगा और अच्छी पैदावार की संभावना बढ़ेगी. वहीं तापमान में गिरावट आने से खेतों में काम कर रहे मजदूरों को भी गर्मी और उमस से राहत मिली है.

बारिश के बाद शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम खुशनुमा हो गया. लोगों ने राहत की सांस ली, जबकि किसानों ने अच्छी फसल की उम्मीद के साथ मानसून के इस दौर का स्वागत किया. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में इसी तरह नियमित वर्षा होती रही तो जिले में खरीफ फसलों का उत्पादन बेहतर रहने की संभावना है.