Barabanki News: जनपद के फतेहपुर तहसील क्षेत्र में बुधवार दोपहर हुई हल्की बारिश के बाद मौसम में नमी बढ़ गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के बजाय उमस का सामना करना पड़ा. बारिश थमने के बाद निकली धूप और हवा की कमी के कारण पूरे क्षेत्र में चिपचिपी गर्मी का असर बना रहा. लोग घरों और बाजारों में पसीने से तर-बतर नजर आए.
ADVERTISEMENT
उमस का असर बाजारों और जनजीवन पर भी दिखाई दिया. खरीदारी के लिए निकले लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. पंखे, कूलर और एसी भी राहत देने में नाकाम साबित हुए. कई इलाकों में बिजली की आवाजाही और अघोषित कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं. बिजली बाधित होने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई.
स्थानीय चिकित्सक डॉ. अवधेश कुमार कौशल (एमबीबीएस) ने बताया कि ऐसे मौसम में डिहाइड्रेशन, घमौरियां, फंगल संक्रमण, वायरल बुखार और उल्टी-दस्त जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. उन्होंने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, ओआरएस और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने, हल्के सूती कपड़े पहनने तथा तेज धूप से बचने की सलाह दी.
मौसम का असर खेती-किसानी पर भी पड़ रहा है. किसानों का कहना है कि हल्की बारिश से धान की रोपाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पाया है. यदि जल्द अच्छी मानसूनी बारिश नहीं हुई तो सिंचाई के लिए डीजल पंपों का सहारा लेना पड़ेगा, जिससे खेती की लागत बढ़ सकती है.
लोगों और किसानों को अब झमाझम बारिश का इंतजार है, जिससे एक ओर उमस से राहत मिले और दूसरी ओर खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचने से कृषि कार्यों में तेजी आ सके.
ADVERTISEMENT











