Barabanki Weather News: धरती हुई तर-बतर, तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश, किसानों के खिले चेहरे, धान की रोपाई को मिला संजीवनी जैसा सहारा

Newzo

• 05:59 PM • 08 Jul 2026

Barabanki Weather News Today: बाराबंकी में बुधवार शाम तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई. खेतों में पानी भरने से धान की रोपाई को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद जगी है. किसानों का कहना है कि समय पर हुई बारिश से सिंचाई खर्च घटेगा और खरीफ फसल को फायदा मिलेगा.

धरती हुई तर-बतर, तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश, किसानों के खिले चेहरे, धान की रोपाई को मिला संजीवनी जैसा सहारा

धरती हुई तर-बतर, तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश, किसानों के खिले चेहरे, धान की रोपाई को मिला संजीवनी जैसा सहारा

Google CTA

Barabanki News: जनपद बाराबंकी में लंबे इंतजार के बाद बुधवार मौसम ने अचानक करवट ली और जनपद के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई. शाम करीब 4:30 बजे शुरू हुई बारिश ने भीषण उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी. जिले की विभिन्न तहसीलों, विशेषकर फतेहपुर,राम नगर, सहित आसपास के कई गांवों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. बारिश के चलते खेतों में पानी भर गया, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे और धान की रोपाई को नई गति मिलने की उम्मीद बढ़ गई.

यह भी पढ़ें...

पिछले कई दिनों से पर्याप्त वर्षा न होने के कारण जिले के किसान धान की रोपाई को लेकर चिंतित थे. खेतों में नमी की कमी होने से उन्हें डीजल इंजन और ट्यूबवेल के सहारे सिंचाई करनी पड़ रही थी, जिससे खेती की लागत लगातार बढ़ रही थी. बुधवार की बारिश ने किसानों की इस चिंता को काफी हद तक कम कर दिया। खेतों में पर्याप्त पानी जमा होने से अब धान की रोपाई का कार्य तेजी से आगे बढ़ने की संभावना है.

बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने वातावरण को पूरी तरह बदल दिया. दिनभर उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली. शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मौसम सुहावना हो गया और कई स्थानों पर लोग बारिश का आनंद लेते नजर आए. किसानों का कहना है कि यदि आगामी दिनों में भी इसी तरह समय-समय पर अच्छी बारिश होती रही तो खरीफ की फसल के लिए यह बेहद लाभदायक साबित होगी. और खेत की सिंचाई के लिए लगने वाला डीजल इंजन का जो पैसा है वो बच सकेगा.

फतेहपुर क्षेत्र के किसान रवि रावत ने बताया कि यह बारिश किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. प्राकृतिक रूप से खेतों में पानी भरने से सिंचाई पर होने वाला खर्च कम होगा और डीजल की बचत भी होगी। इससे धान की रोपाई समय पर पूरी करने में आसानी मिलेगी.

किसान अनस ने कहा कि लंबे समय से बारिश का इंतजार था. अब खेतों की मिट्टी रोपाई के लिए पूरी तरह तैयार हो गई है, यदि मानसून इसी तरह सक्रिय रहा तो इस वर्ष धान की अच्छी पैदावार होने की पूरी उम्मीद है.

वहीं किसान राम मिलन ने बताया कि इस बारिश ने खेती के साथ-साथ आम जनजीवन को भी राहत पहुंचाई है. उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली है. जिले के किसानों का मानना है कि समय पर हुई यह वर्षा खरीफ सीजन के लिए शुभ संकेत है. अब सभी की निगाहें मानसून की आगामी गतिविधियों पर टिकी हैं. किसानों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश होगी, जिससे फसलों का उत्पादन बेहतर होगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने में मदद मिलेगी.