Barabanki Fake Pesticide Raid News 10 July 2026: खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण कीटनाशक उपलब्ध कराने और नकली उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने बुधवार को जनपदभर में विशेष अभियान चलाया. जिलाधिकारी के निर्देश पर कृषि एवं सहकारिता विभाग की संयुक्त टीमों ने विभिन्न तहसीलों में स्थित कीटनाशक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया. अभियान के दौरान 32 दुकानों की जांच की गई, 11 कीटनाशक नमूने परीक्षण के लिए एकत्र किए गए, दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए गए तथा तीन प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया.
ADVERTISEMENT
उप कृषि निदेशक उमेश कुमार साहू ने नवाबगंज और हैदरगढ़ तहसील क्षेत्र में आठ दुकानों का निरीक्षण कर दो नमूने लिए. निरीक्षण के दौरान अभिलेखों की जांच की गई और दुकानदारों को किसानों को प्रत्येक बिक्री पर अनिवार्य रूप से कैश मेमो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए.
जिला कृषि रक्षा अधिकारी विजय कुमार ने फतेहपुर और रामसनेहीघाट क्षेत्र में 17 कीटनाशक दुकानों का निरीक्षण कर सात नमूने संग्रहित किए. इस दौरान किसान बीज एवं खाद भंडार (धौसार), श्याम कृष सेवा केंद्र (फतेहपुर) और राजपूत खाद भंडार (फतेहपुर) बिना पूर्व सूचना के बंद मिले. इन तीनों प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया.
वहीं, संजय बीज भंडार, चंदूरा (मो.पुर खाला, फतेहपुर) द्वारा निरीक्षण में सहयोग न करने पर उसका कीटनाशक लाइसेंस निलंबित कर दिया गया. इसके अलावा राज बीज भंडार, कोटवा सड़क (रामसनेहीघाट) में एक्सपायरी कीटनाशक मिलने पर उसका लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया. सभी विक्रेताओं को आईपीएमएस पोर्टल पर पंजीकरण के बाद ही कीटनाशकों की बिक्री करने तथा स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए.
जिला कृषि अधिकारी राजित राम ने रामनगर और सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में सात दुकानों का निरीक्षण कर दो नमूने लिए. कृषि विभाग ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. यदि परीक्षण में कोई नमूना अधोमानक पाया जाता है तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कीटनाशक अधिनियम, 1968 के तहत मुकदमा दर्ज करने के साथ लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी.
इस अभियान के बाद जनपद के कीटनाशक विक्रेताओं में हड़कंप की स्थिति देखी गई, जबकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.
ADVERTISEMENT











