Barabanki Teacher Death Case: रामनगर नगर पंचायत के धमेड़ी-2 मोहल्ले में सोमवार को एक सरकारी सहायक अध्यापक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
मृतक की पहचान 32 वर्षीय सुभाषकर तिवारी उर्फ आशु के रूप में हुई है. वह बहराइच जनपद के जरवल विकासखंड स्थित बरौलिया परिषदीय विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे. परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई. दरवाजा खोलने पर सुभाषकर तिवारी फंदे से लटके मिले. परिजनों ने तत्काल उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी.
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह, कस्बा प्रभारी सुभाष चंद्र यादव तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में भी पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की.
सुभाषकर तिवारी के पिता बृजकिशोर तिवारी शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, जबकि उनकी पत्नी छाया तिवारी भी सरकारी विद्यालय में शिक्षिका हैं. परिवार की तीन पीढ़ियां शिक्षा विभाग से जुड़ी रही हैं. सुभाषकर अपने पीछे पत्नी, नौ वर्षीय बेटी भाग्या और चार वर्षीय पुत्र रिभव को छोड़ गए हैं. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, सहकर्मी, रिश्तेदार और स्थानीय लोग उनके आवास तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यदि आप या आपका कोई परिचित आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो किसी भरोसेमंद परिजन, मित्र या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत बात करना मददगार हो सकता है. समय पर सहायता मिलना बहुत महत्वपूर्ण है.
ADVERTISEMENT











