Barabanki News: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पौधा लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, अधिकारियों व चिकित्सकों ने लिया संरक्षण का संकल्प

Newzo

• 02:05 PM • 12 Jul 2026

Barabanki Environment News: बाराबंकी में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. जिला चिकित्सालय परिसर में अधिकारियों, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया तथा जनभागीदारी से हरित उत्तर प्रदेश बनाने का आह्वान किया.

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पौधा लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, अधिकारियों व चिकित्सकों ने लिया संरक्षण का संकल्प

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पौधा लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, अधिकारियों व चिकित्सकों ने लिया संरक्षण का संकल्प

Google CTA

Barabanki News: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित पौधरोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रविवार को जिला चिकित्सालय, बाराबंकी में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, चिकित्सकों तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश में हरित आवरण बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को पौधरोपण और उसके संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा.

यह भी पढ़ें...

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया. उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और इनके बिना स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की कल्पना नहीं की जा सकती. उन्होंने "वृक्षो रक्षति रक्षितः" का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि हम वृक्षों की रक्षा करेंगे तो वृक्ष भी हमारी रक्षा करेंगे. उन्होंने सभी नागरिकों से अपनी माँ के सम्मान में कम-से-कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए.

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, एमएलसी अंगद सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा 'मुल्तान', पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार मौर्य, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण, जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जयप्रकाश मौर्य सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.

कार्यक्रम के दौरान जिला चिकित्सालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण किया गया. अधिकारियों और चिकित्सकों ने पौधों को नियमित रूप से संरक्षित एवं विकसित करने का संकल्प लिया. वन विभाग के सहयोग से आयोजित इस अभियान में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया.
 
वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है. कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जयप्रकाश मौर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही.