Barabanki Kashi Vishwanath Corridor: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को रामनगर स्थित प्रसिद्ध श्री लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन-पूजन किए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की. इसके बाद नंदी बाग मैदान में आयोजित जनसभा में उन्होंने ₹542.41 करोड़ की लागत वाली 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में श्री लोधेश्वर महादेव धाम को प्रदेश की आस्था, संस्कृति और इतिहास का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए घोषणा की कि लोधेश्वर महादेव मंदिर का विकास काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर भव्य कॉरिडोर के रूप में किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी.
उन्होंने कहा कि पूर्व में यह क्षेत्र उपेक्षित था, लेकिन वर्तमान सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है. काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में लोधेश्वर धाम भी देश के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल होगा.
मुख्यमंत्री ने हॉकी के महान खिलाड़ी के.डी. सिंह 'बाबू' को याद करते हुए कहा कि उनकी पैतृक हवेली को संरक्षित कर वहां संग्रहालय विकसित किया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी उनके योगदान से प्रेरणा ले सके. उन्होंने महाराजा सुहेलदेव, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, गुरु गोविंद सिंह, लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर और राजा राममोहन राय समेत कई महान विभूतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार उनकी विरासत को सहेजने का कार्य कर रही है.
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि माफिया और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के कारण आज उत्तर प्रदेश में सुरक्षित माहौल बना है. बेहतर कानून व्यवस्था के चलते निवेश बढ़ा है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं. उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है.
रक्षा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की बढ़ती भूमिका का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण परियोजना प्रदेश की नई पहचान बन रही है और यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की उपेक्षा की, जबकि वर्तमान सरकार विकास, विरासत संरक्षण और धार्मिक पर्यटन को समान प्राथमिकता दे रही है.
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत, पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, रामकुमारी मौर्य, ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी, आकाश पांडेय, उषा सिंह, रामशरण पाठक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT











