Barabanki News: 20 जुलाई को लोधेश्वर धाम आएंगे CM योगी, महादेवा कॉरिडोर का करेंगे शिलान्यास

Newzo

• 02:04 PM • 18 Jul 2026

Barabanki CM Yogi Visit: बाराबंकी के लोधेश्वर महादेवा धाम में 20 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. महादेवा कॉरिडोर के शिलान्यास से पहले डीएम और एसपी ने सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए.

20 जुलाई को लोधेश्वर धाम आएंगे CM योगी, महादेवा कॉरिडोर का करेंगे शिलान्यास

20 जुलाई को लोधेश्वर धाम आएंगे CM योगी, महादेवा कॉरिडोर का करेंगे शिलान्यास

Google CTA

Barabanki CM Yogi Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 20 जुलाई 2026 को तहसील रामनगर स्थित सुप्रसिद्ध तीर्थस्थल लोधेश्वर महादेवा धाम में प्रस्तावित आगमन है. मुख्यमंत्री के संभावित दौरे एवं महादेवा कॉरिडोर के शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. शासन स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं.

यह भी पढ़ें...

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लोधेश्वर महादेवा धाम पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी प्रोटोकॉल, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए.

मंदिर परिसर, मुख्य मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, रंग-रोगन, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. लोक निर्माण विभाग, नगर पंचायत, विद्युत, स्वास्थ्य तथा अन्य विभागों की टीमें लगातार मौके पर रहकर तैयारियों में जुटी हैं. सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और यातायात की विशेष व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है.

उधर, मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर भाजपा संगठन भी सक्रिय हो गया है. महादेवा में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें मुख्यमंत्री के आगमन तथा शिलान्यास कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी. स्थानीय लोगों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है. 

लोगों का मानना है कि महादेवा कॉरिडोर परियोजना से लोधेश्वर महादेवा धाम का धार्मिक एवं पर्यटन महत्व और बढ़ेगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी. हालांकि मुख्यमंत्री के विस्तृत कार्यक्रम और समय-सारिणी की आधिकारिक घोषणा अभी शेष है, लेकिन प्रशासन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं और संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं.