Barabanki News: मुख्यमंत्री योगी के आगमन को लेकर लोधेश्वर महादेव धाम में युद्धस्तर पर तैयारियां, डीएम खुद संभाल रहे तैयारियों की कमान

Newzo

• 01:22 PM • 19 Jul 2026

CM Yogi Visit Preparation: बाराबंकी के लोधेश्वर महादेव धाम में 20 जुलाई को प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा है. हेलीपैड, पंडाल, सड़क, सफाई, सीसीटीवी और बिजली व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जबकि जिलाधिकारी स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं.

मुख्यमंत्री योगी के आगमन को लेकर लोधेश्वर महादेव धाम में युद्धस्तर पर तैयारियां, डीएम खुद संभाल रहे तैयारियों की कमान

मुख्यमंत्री योगी के आगमन को लेकर लोधेश्वर महादेव धाम में युद्धस्तर पर तैयारियां, डीएम खुद संभाल रहे तैयारियों की कमान

Google CTA

Barabanki News: तहसील रामनगर स्थित सुप्रसिद्ध तीर्थस्थल लोधेश्वर महादेव धाम में 20 जुलाई को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं, जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी युद्धस्तर पर कार्य में जुटे हुए हैं.

यह भी पढ़ें...

मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के उतरने के लिए नंदी बाग में लोक निर्माण विभाग द्वारा हेलीपैड का निर्माण कराया जा रहा है. इस कार्य की देखरेख विभाग के अधिकारी राजीव कुमार राय कर रहे हैं. लगातार बारिश के कारण निर्माण स्थल पर जलभराव हो गया, जिससे कार्य कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ. हेलीपैड को सुरक्षित रखने के लिए उसे तिरपाल से ढककर कवर किया गया है. साथ ही हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए विशेष पहुंच मार्ग (एप्रोच रोड) भी तैयार कराया जा रहा है.

मुख्यमंत्री के संबोधन के लिए विशाल पंडाल का निर्माण भी अंतिम चरण में है. बारिश के चलते कार्य की गति कुछ धीमी रही, लेकिन मौसम साफ होते ही मशीनों और मजदूरों की मदद से जलनिकासी कर निर्माण कार्य में तेजी ला दी गई. पूरे लोधेश्वर महादेव परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है. जहां-जहां वर्षा का पानी जमा है, वहां मशीनों से पानी निकालकर परिसर को स्वच्छ बनाया जा रहा है.

मंदिर परिसर के अंदर और बाहर रंगाई-पुताई का कार्य तेजी से चल रहा है. निर्माणाधीन लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर क्षेत्र को व्यवस्थित रखने के लिए नीले रंग की टीन शेड लगाई जा रही है. बिजली विभाग द्वारा मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने और नई विद्युत वायरिंग का कार्य कराया जा रहा है, जिसकी निगरानी उपखंड अधिकारी संजय कर रहे हैं. पुलिस, स्वास्थ्य, नगर पंचायत, लोक निर्माण, विद्युत सहित सभी विभागों के अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं.

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसके दृष्टिगत सभी तैयारियां युद्धस्तर पर कराई जा रही हैं. पंडाल और हेलीपैड का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है. बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी है, लेकिन मशीनों के माध्यम से तेजी से पानी निकाला जा रहा है. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार हो जाएं.