Amethi News: अमेठी में सियासी घमासान, राहुल गांधी के समर्थन में प्रदर्शन की तैयारी, अमेठी में कांग्रेस नेताओं को किया गया नजरबंद

Newzo

• 10:48 AM • 22 Jul 2026

Amethi Congress Protest: राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस के प्रदेशव्यापी प्रदर्शन से पहले अमेठी में कई नेताओं को पुलिस ने घरों में नजरबंद कर दिया. कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया और आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया.

अमेठी में सियासी घमासान, राहुल गांधी के समर्थन में प्रदर्शन की तैयारी, अमेठी में कांग्रेस नेताओं को किया गया नजरबंद

अमेठी में सियासी घमासान, राहुल गांधी के समर्थन में प्रदर्शन की तैयारी, अमेठी में कांग्रेस नेताओं को किया गया नजरबंद

Google CTA

Amethi News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को मंगलवार देर रात दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बाद पुलिस द्वारा रिहा किए जाने के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध जारी है. राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में प्रदर्शन की तैयारी कर रही है. इसी कड़ी में अमेठी में भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने कई नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया.

यह भी पढ़ें...

बुधवार को कांग्रेस के प्रदेशव्यापी विरोध-प्रदर्शन की तैयारियों के बीच अमेठी पुलिस ने कांग्रेस नेता धर्मेंद्र शुक्ल और पूर्व मंत्री आशीष शुक्ला सहित कई नेताओं को उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई.

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने के अधिकार को दबाने का प्रयास किया जा रहा है. कांग्रेस नेता धर्मेंद्र शुक्ल ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों, युवाओं, किसानों और आम जनता की आवाज उठा रहे हैं. उनके समर्थन में आवाज उठाने वाले नेताओं को घरों में नजरबंद करना लोकतंत्र के खिलाफ है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस तरह की कार्रवाई से डरने वाली नहीं है और जनता की आवाज उठाती रहेगी.

वहीं पूर्व मंत्री आशीष शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है.

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि राहुल गांधी को देर रात रिहा कर दिया गया था, लेकिन उनकी गिरफ्तारी ने देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश पैदा कर दिया है. पार्टी कार्यकर्ताओं ने घोषणा की है कि वे युवाओं और छात्रों के मुद्दों को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेंगे. कांग्रेस का कहना है कि लोकतांत्रिक अधिकारों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा.