Amethi Farmers Protest: गौरीगंज स्थित 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र पर हुए विवाद के बाद दर्ज मुकदमे से नाराज किसानों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया. महिला किसान नेत्री रीता सिंह के समर्थन में बड़ी संख्या में किसान लाठी-डंडों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और मुकदमा वापस लेने की मांग की.
ADVERTISEMENT
चार दिन पहले बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर किसान गौरीगंज के 132 केवीए पावर हाउस पहुंचे थे. इस दौरान किसानों और बिजली विभाग के कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई. मामले में जूनियर इंजीनियर (जेई) की तहरीर पर पुलिस ने रीता सिंह, उनके बेटे और 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया.
मुकदमे की जानकारी मिलते ही किसानों में आक्रोश फैल गया. सोमवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से सैकड़ों किसान गौरीगंज स्थित एसपी कार्यालय पहुंच गए. उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुकदमा वापस लेने और किसानों का उत्पीड़न बंद करने की मांग की.
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. एसपी कार्यालय परिसर और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास करते रहे. हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.
किसानों का आरोप है कि वे केवल बिजली संकट को लेकर अपनी समस्या रखने गए थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











