Amethi News: रविवार को भोर से शुरू हुई रिमझिम बारिश पूरे दिन रुक-रुककर जारी रही, आसमान दिनभर घने बादलों से ढका रहा, जिससे तेज धूप नहीं निकली और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा. लगातार हुई हल्की बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी व उमस से राहत मिली.
ADVERTISEMENT
सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रही और बीच-बीच में हल्की फुहारें पड़ती रहीं. बारिश के चलते वातावरण में ठंडक घुल गई, जिससे लोगों ने राहत महसूस की. बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी मौसम का असर देखने को मिला. कई लोग छाता लेकर अपने जरूरी कामों के लिए निकले, जबकि कुछ लोगों ने बारिश और ठंडी हवाओं का आनंद लिया.
बारिश के कारण सड़कों पर यातायात सामान्य रहा, हालांकि जिले के कुछ निचले इलाकों में हल्का जलभराव भी देखने को मिला. वहीं किसानों ने इस बारिश को धान की फसल के लिए काफी लाभदायक बताया. खेतों में पहले से चल रही धान की रोपाई को बारिश से और गति मिलने की उम्मीद है. किसानों का कहना है कि समय पर हो रही वर्षा से फसल की बढ़वार बेहतर होगी और सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम होगा.
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान भी बादलों की आवाजाही बनी रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहने से तापमान सामान्य से कम रह सकता है तथा लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है.
ADVERTISEMENT











