Amethi News: जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ सहायक संजय मिश्रा को ₹50 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. आरोपी पर रिटायर्ड एएनएम की पेंशन फाइल पास कराने के बदले ₹1.20 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, भेटुआ ब्लॉक में तैनात रहीं सेवानिवृत्त एएनएम निर्मला तिवारी की पेंशन फाइल सीएमओ कार्यालय में लंबित थी. आरोप है कि एएनएम स्थापना शाखा का कार्य देख रहे वरिष्ठ सहायक संजय मिश्रा ने फाइल आगे बढ़ाने के एवज में उनके बेटे विशाल तिवारी से ₹1.20 लाख की मांग की थी. दोनों पक्षों के बीच पहली किस्त के रूप में ₹50 हजार देने की बात तय हुई थी.
शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे विशाल तिवारी तय रकम लेकर सीएमओ कार्यालय पहुंचे. जैसे ही संजय मिश्रा ने रुपये लिए, पहले से जाल बिछाकर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया.
कार्रवाई के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर मुसाफिरखाना थाने ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इस कार्रवाई के बाद सीएमओ कार्यालय में हड़कंप मच गया. एंटी करप्शन टीम का कहना है कि भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी सरकारी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
ADVERTISEMENT











