Amethi News: कोतवाली क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती के लापता होने के मामले में पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. युवती की मां की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है.
ADVERTISEMENT
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 24 जून 2026 को महिला अपनी पुत्री अंजू के साथ धम्मौर बाजार गई थी. शाम करीब पांच बजे घर लौटते समय युवती ने दवा खरीदने के लिए पैसे मांगे और दुकान की ओर चली गई. काफी देर तक वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.
परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ रिश्तेदारों के यहां भी खोजबीन की. काफी प्रयासों के बावजूद युवती का कोई सुराग नहीं मिला. बाद में जानकारी मिलने पर परिजनों ने आशंका जताई कि युवती विशाल नामक युवक के साथ कहीं चली गई है. इसके बाद युवती की मां ने कोतवाली अमेठी पहुंचकर लिखित तहरीर दी और बेटी की बरामदगी की मांग की.
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस युवती की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर छानबीन कर रही है तथा संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है.
कोतवाली प्रभारी राम पाण्डेय ने बताया कि युवती की मां द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर विशाल निवासी राजापुर उमरडीह, थाना जामों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 87 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और युवती की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











