Amethi News: पावर स्टेशन पर हंगामे के बाद किसान नेत्री रीता सिंह, बेटे समेत 40 पर FIR दर्ज

Newzo

• 01:59 PM • 18 Jul 2026

Amethi Police News: अमेठी में बिजली आपूर्ति को लेकर 132 केवी उपकेंद्र पर प्रदर्शन करने के मामले में महिला किसान नेत्री रीता सिंह, उनके बेटे और 30-40 अज्ञात महिलाओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.

पावर स्टेशन पर हंगामे के बाद किसान नेत्री रीता सिंह, बेटे समेत 40 पर FIR दर्ज

पावर स्टेशन पर हंगामे के बाद किसान नेत्री रीता सिंह, बेटे समेत 40 पर FIR दर्ज

Google CTA

Amethi Police News:बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर गौरीगंज स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र में घुसकर हंगामा करना महिला किसान नेत्री रीता सिंह और उनके समर्थकों को भारी पड़ गया. विद्युत विभाग की तहरीर पर पुलिस ने रीता सिंह, उनके बेटे नंदन सिंह तथा 30 से 40 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात दर्जनों महिलाएं लाठी-डंडों के साथ गौरीगंज स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र पहुंच गईं. आरोप है कि महिलाओं ने उपकेंद्र में प्रवेश कर वहां तैनात कर्मचारियों के साथ अभद्रता की, हंगामा किया और कार्य में बाधा उत्पन्न की. इस दौरान उपकेंद्र का संचालन प्रभावित होने से करीब एक घंटे तक पूरे अमेठी जिले की विद्युत आपूर्ति ठप रही. उमस भरी गर्मी के बीच अचानक बिजली गुल होने से हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा.

घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में महिला किसान नेत्री रीता सिंह विद्युत कर्मचारियों से बिजली बंद करने की बात कहती हुई दिखाई दे रही हैं. वीडियो सामने आने के बाद विभाग और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया.

132 केवी विद्युत उपकेंद्र गौरीगंज के अवर अभियंता पवन कुमार यादव की तहरीर पर गौरीगंज कोतवाली में रीता सिंह, उनके बेटे नंदन सिंह तथा 30 से 40 अज्ञात महिलाओं के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(1), 191(2), 115(2), 151(3), 121, 132, 221 और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.

पुलिस का कहना है कि सरकारी प्रतिष्ठान में घुसकर कर्मचारियों से अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा और सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों में भी नाराजगी है और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग उठाई है.