Amethi News: गोली चली, घेराबंदी हुई और खुल गए कई राज,अमेठी पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत चार शातिर चोरों को दबोचा

Newzo

• 10:22 AM • 21 Jul 2026

Amethi Crime News: ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत अमेठी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक हिस्ट्रीशीटर समेत चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया. पुलिस फायरिंग में एक आरोपी घायल हुआ. पूछताछ में पशु और सोलर पैनल चोरी के कई मामलों का खुलासा हुआ. आरोपियों से नकदी, हथियार और चोरी का सामान बरामद हुआ.

गोली चली, घेराबंदी हुई और खुल गए कई राज,अमेठी पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत चार शातिर चोरों को दबोचा

गोली चली, घेराबंदी हुई और खुल गए कई राज,अमेठी पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत चार शातिर चोरों को दबोचा

Google CTA

Amethi Crime News: जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन चक्रव्यूह" अभियान के तहत गौरीगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मंगलवार तड़के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के रोहसी खुर्द गांव स्थित टीवी टावर के पास पुलिस और शातिर चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके तीन अन्य साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

यह भी पढ़ें...

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति एक पिकअप वाहन से रोहसी खुर्द से टीवी टावर जाने वाली सड़क पर रेकी कर रहे हैं और चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं.

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़ी दिखाई दी. पुलिस को देखकर वाहन में सवार चारों लोग भागने लगे. पुलिस ने घेराबंदी की तो एक व्यक्ति ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा. इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया तथा अन्य तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया.

घायल आरोपी की पहचान अख्तर हुसैन उर्फ राजू (30 वर्ष) निवासी संपतपुर मजरे गुवावां थाना गौरीगंज के रूप में हुई. उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा 9 हजार रुपये बरामद हुए. अन्य गिरफ्तार आरोपियों में दद्दन प्रसाद वर्मा (31 वर्ष) निवासी पूरे भगीरथ मजरे शाहपुर थाना जामो, मोहम्मद रईस उर्फ बब्लू (40 वर्ष) निवासी मुण्डका जोधपुर मजरे रामपुर नौरंगाबाद थाना जामो तथा तेजबहादुर (45 वर्ष) निवासी पूरे प्रसाद सिंह मजरे बरौलिया थाना जामो शामिल हैं.

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 32,200 रुपये नकद, कूटरचित नंबर प्लेट लगी एक पिकअप, तीन रस्सियां, एक टॉर्च, एक चाकू, एक पेचकस और एक प्लायर बरामद किया है. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे भैंस, पड़वा, सोलर पैनल और अन्य सामान चोरी कर बेचने का काम करते थे.

आरोपियों ने बताया कि करीब 12 दिन पहले उन्होंने ग्राम लोनियन का पुरवा से एक भैंस और एक पड़वा चोरी कर 60 हजार रुपये में बेच दिया था. बरामद नकदी उसी रकम का बचा हुआ हिस्सा है. इसके अलावा उन्होंने करीब एक माह पूर्व बासूपुर पंचायत भवन तथा तीन माह पूर्व अत्तानगर पंचायत भवन से सोलर पैनल चोरी कर बेचने की बात भी कबूल की. पुलिस के अनुसार मंगलवार को भी चारों आरोपी रोहसी खुर्द क्षेत्र में भैंस चोरी करने की योजना बनाकर निकले थे.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार घायल आरोपी अख्तर हुसैन उर्फ राजू एक शातिर हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में अमेठी जिले में 16 मुकदमे दर्ज हैं. वहीं तेजबहादुर के खिलाफ छह तथा मोहम्मद रईस उर्फ बब्लू के खिलाफ दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं.

घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.