Amethi Electricity Department News: बिजली की चपेट में आने से लाइनमैनों के साथ लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद विद्युत विभाग ने उनकी सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है. अब लाइनमैन पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही विद्युत खंभों पर चढ़कर फाल्ट ठीक करेंगे. इसके लिए विभाग की ओर से उन्हें सेफ्टी उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं और विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
बीते कुछ समय में विद्युत लाइन दुरुस्त करते समय अचानक सप्लाई चालू हो जाने से कई लाइनमैन हादसों का शिकार हुए हैं. कई कर्मियों की मौत हो चुकी है, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं. इन घटनाओं को देखते हुए विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्णय लिया है.
जिले के 38 पावर हाउसों पर तैनात 146 लाइनमैनों को विशेष सुरक्षा उपकरण वितरित किए गए हैं. अब किसी भी विद्युत फाल्ट को ठीक करने के दौरान लाइनमैन सेफ्टी हेलमेट, सेफ्टी शूज, सेफ्टी बेल्ट सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण पहनकर ही खंभों पर चढ़ेंगे. इससे आकस्मिक रूप से बिजली सप्लाई शुरू होने जैसी स्थितियों में भी उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी.
विद्युत विभाग द्वारा लाइनमैनों को सुरक्षा मानकों और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है. प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षित तरीके से कार्य करने, उपकरणों के सही उपयोग और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है.
अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि लाइनमैनों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से उन्हें सेफ्टी हेलमेट, सेफ्टी शूज तथा अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं. उन्होंने कहा कि अब सभी लाइनमैन पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही विद्युत फाल्टों को ठीक करेंगे, जिससे कार्य के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आएगी और उनके जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित होगी.
ADVERTISEMENT











