Amethi News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी की गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया.
ADVERTISEMENT
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल और युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह ने किया.उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर सड़क पर उतरे. प्रदर्शनकारियों ने "राहुल गांधी जिंदाबाद", "लोकतंत्र बचाओ" और "तानाशाही नहीं चलेगी" जैसे नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया.
जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार जनता के मुद्दों को संसद और सड़क पर उठाते रहे हैं, इसलिए उन्हें राजनीतिक रूप से निशाना बनाया जा रहा है.
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी दबाव से डरने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों और जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए संघर्ष जारी रखेगी.
ADVERTISEMENT











