Amethi Gau Samman Campaign: जनपद में पिछले छह माह से चल रहे गौ सम्मान अभियान का सोमवार को समापन हो गया. अभियान के तहत गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग के समर्थन में 5 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर एकत्र किए गए. समापन के अवसर पर अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इसे केंद्र सरकार तक पहुंचाने की मांग की.
ADVERTISEMENT
जिला प्रभारी ठाकुर अभिषेक सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे. इस दौरान नंद किशोर तिवारी, रविंद्र कुमार, दुर्गेश शर्मा, अंशु उपाध्याय समेत कई गौ सेवक मौजूद रहे.
ठाकुर अभिषेक सिंह ने बताया कि जिलेभर में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान को लोगों का व्यापक समर्थन मिला और 5 लाख से अधिक नागरिकों ने इसमें भाग लेकर गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग का समर्थन किया. उनका कहना था कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है. यदि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा मिलता है तो गौ संरक्षण को और मजबूती मिलेगी तथा समाज में गौसेवा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी.
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि केंद्र सरकार गौ हत्या पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त कानून बनाए. अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक जनजागरण और आंदोलन जारी रहेगा.
जिलाधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि इसे शासन को अग्रसारित किया जाएगा.
ADVERTISEMENT











