Amethi News: अमेठी जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जगदीशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने 25,000 रुपये के इनामी एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस (12 बोर) बरामद किया है. पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई.
ADVERTISEMENT
क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना जगदीशपुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त अरमान पुत्र गोरखू उर्फ मुस्तकीम निवासी ग्राम नारा अनपुर थाना भाले सुलतान शहीद स्मारक, जनपद अमेठी (उम्र करीब 43 वर्ष) को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और उसकी गिरफ्तारी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा और 12 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ. गिरफ्तारी एवं बरामदगी के संबंध में थाना जगदीशपुर में विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने बताया कि अरमान एक शातिर किस्म का अपराधी है जिसके खिलाफ अमेठी, लखनऊ, अयोध्या और सुल्तानपुर जनपदों में चोरी, जालसाजी और धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं.
इस गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार यादव, उपनिरीक्षक शेख नईम, उपनिरीक्षक शिवसागर चौधरी सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही. पुलिस अधीक्षक ने टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है.
ADVERTISEMENT









