Amethi News: अमेठी जनपद में चलाए जा रहे नशा मुक्त अमेठी अभियान के तहत संग्रामपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा की तस्करी में लिप्त एक महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 625 ग्राम गांजा, 5,130 रुपये नकद, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक तराजू और बांट बरामद किया है. इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में अहम सफलता मानी जा रही है.
ADVERTISEMENT
पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्र के नेतृत्व में संग्रामपुर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की. मुखबिर की सूचना पर ग्राम ठेंगहा निवासी सीता (40 वर्ष) पत्नी गोविन्द कोरी को गिरफ्तार किया गया.
गांजा को छोटे-छोटे पैकेट बनाकर बेचती थी महिला
पुलिस पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि वह गांजा को छोटे-छोटे पैकेट बनाकर 100, 200 और 300 रुपये में बेचती थी. स्थानीय लोगों के अनुसार, वह काफी समय से इस अवैध धंधे में लिप्त थी और उसके पास दूर-दराज के लोग भी गांजा खरीदने के लिए आते थे, जिससे क्षेत्र में नशे का दायरा बढ़ रहा था.
नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी रहेगा जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना संग्रामपुर में मु0अ0सं0 50/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के अनुसार अभियुक्ता का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राजेश कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे. पुलिस ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
ADVERTISEMENT









