Amethi News: अमेठी तहसील क्षेत्र में दिव्यांगजनों को गैस सिलेंडर न मिलने की समस्या को लेकर भारतीय जागृति मिशन दिव्यांग संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में बताया गया कि बुकिंग होने के बावजूद दिव्यांगजनों को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें बार-बार गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.
ADVERTISEMENT
ज्ञापन में कहा गया कि अमेठी निवासी दिव्यांग अजय मिश्रा लगातार गैस एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो सका है. इससे उनकी परेशानी बढ़ गई है. वहीं आम उपभोक्ताओं को भी घंटों लाइन में लगने के बावजूद गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी है.
अलग काउंटर और प्राथमिकता व्यवस्था लागू करने की मांग
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा कि दिव्यांग और वृद्धजन पहले से ही शारीरिक कठिनाइयों से जूझ रहे हैं, ऐसे में उन्हें घंटों लाइन में खड़ा रहना बेहद कष्टदायक है. यदि जल्द ही उनके लिए अलग काउंटर और प्राथमिकता व्यवस्था लागू नहीं की गई, तो संगठन को आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा.
गैस वितरण व्यवस्था में बदलाव की अपील
संगठन ने मांग की है कि दिव्यांग एवं वृद्धजनों के लिए गैस वितरण हेतु अलग काउंटर की व्यवस्था की जाए और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए. साथ ही संबंधित गैस एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की गई है. इस मौके पर राम मूरत, जगन्नाथ मौर्य, देव कुमार, संदीप साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT









