Amethi gas shortage: अमेठी जिले में गैस की किल्लत दूर होने का नाम नहीं ले रही है. लगातार उपभोक्ता एजेंसी के बाहर कतार में गैस सिलेंडर के लिए लाइन लगा रहे हैं लेकिन उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रही है. आज किसान मजदूर सेवा संस्थान ने सीओ को शिकायती पत्र देते हुए गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की है. संगठन ने कहा है कि अगर तीन दिनों में व्यवस्था नहीं सुधरी तो एजेंसी में ताला बंद कर दिया जाएगा.
ADVERTISEMENT
दरअसल, अमेठी कस्बे में संचालित प्रकाश गैस एजेंसी लगातार विवादों में रहा है. पिछले कई दिनों से उपभोक्ता एजेंसी के बाहर सिलेंडर के लिए लाइन लगा रहे हैं.एजेंसी संचालक द्वारा कुछ दिनों पहले गैस गोदाम के बाहर एक रूट मैप लगाया गया कि उपभोक्ता अब एजेंसी पर नही आएंगे और उन्हें घर बैठे ही सिलेंडर मिलेगा जिन लोगों की पर्चियां कटी हुई है. लेकिन इसके बावजूद भी सिलेंडर लोगों के घरों तक नहीं पहुंच रहा है.
कई दिन इंतजार के बाद भी जब सिलेंडर घर नहीं पहुंचा तो एक बार फिर उपभोक्ता सिलेंडर के लिए गैस गोदाम के बाहर लाइन में लग रहे है. अब किसान मजदूर सेवा संस्थान के प्रदेश प्रभारी ने गैस एजेंसी संचालक पर कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए आज सीओ अमेठी मनोज मिश्रा को शिकायती पत्र सौंपते हुए जांच की मांग की है.
प्रदेश प्रभारी प्रेम शंकर द्विवेदी ने कहा कि गैस एजेंसी संचालक द्वारा गैस की काला बाजारी की जा रही है और जरूरतमंदों को गैस नहीं मिल पा रही है. अगर तीन दिनों के भीतर सुधार नहीं हुआ तो गैस एजेंसी में ताला लगा दिया जाएगा अगर हमारे किसान ही गैस नहीं पाएंगे तो ऐसी एजेंसी का क्या मतलब है. उन्होंने कहा कि सीओ ने भी आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की जांच कराएंगे.
ADVERTISEMENT









