Amethi News: अमेठी जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के विशेषरगंज बाजार में जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे इलाके में चर्चा तेज हो गई है. पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है. हालांकि वायरल वीडियो और उसमें लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
ADVERTISEMENT
बताया जा रहा है कि परिवार के भीतर जमीन के हिस्से को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था. शनिवार को यह विवाद उस समय बढ़ गया जब एक महिला ने बंद कमरे का ताला तोड़ दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. वायरल वीडियो में महिलाएं भी विवाद में शामिल नजर आ रही हैं.
पुलिस पर ही पक्षपात का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार, हिस्से की मांग को लेकर पहले भी कई बार कहासुनी और शिकायतें हो चुकी थीं, लेकिन किसी तरह का ठोस समाधान नहीं निकल पाया. आरोप है कि बेटे ने अपने बुजुर्ग पिता और परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट की. घटना के बाद पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा, जहां उसने पुलिस पर ही पक्षपात का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही बैठा लिया, जिससे नाराजगी बढ़ गई.
फिलहाल दोनों पक्ष आपसी समझौते की बात कर रहे
इस पूरे मामले पर थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि लालजी और उनके बेटे अखिलेश जायसवाल के बीच जमीन के हिस्से को लेकर विवाद हुआ है. फिलहाल दोनों पक्ष आपसी समझौते की बात कर रहे हैं. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT









