Jamo News: अमेठी जिले के एक प्राइवेट विद्युत कर्मी ने पुलिस पर थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाया है. युवक और उसके परिजनों का आरोप है कि पुलिस उसे थाने उठाकर ले गई, जहां उसकी जमकर पिटाई की गई. इसके साथ ही उसे विद्युत का करंट भी दिया गया. घटना के बाद आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता भी पीड़ित के घर पहुंचे हैं और उसकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण आजाद से वीडियो कॉल पर बात भी कराई है. वहीं थाना प्रभारी ने सभी आरोपों को नकार दिया है.
ADVERTISEMENT
दरअसल, यह पूरा मामला जामो थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव का है जहां गांव के रहने वाला खुशीराम प्राइवेट विद्युतकर्मी है और विद्युत ठीक करने का काम करता है. आरोप है कि 3 दिन पहले पुलिस उसे घर से उठाकर ले गई और थाने में बंद कर जमकर पिटाई की गई. इतना ही नहीं पुलिसकर्मियों ने उसे विद्युत करंट भी लगाए और हालात बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया. एक दिन बाद जब परिजन थाने पहुंचे तो उन लोगों को थाने से डांट कर भगा दिया गया.
5 दिन पहले ट्रांसफार्मर से तार चोरी मामले में बुलाया गया था पूछताछ के लिए
घटना के दो दिन बाद पुलिसकर्मियों ने युवक के भाई को फोन करके जिला अस्पताल बुलाया और उसे उनके परिजनों को सौंप दिया. बताया जा रहा है कि पास के ही गांव में 5 दिन पहले एक ट्रांसफार्मर से कीमती तार चोरी की घटना हुई थी, उसी घटना को लेकर पुलिस ने पूछताछ के लिए खुशीराम को थाने बुलाया था.
पूछताछ में किसी प्रकार की मारपीट नहीं, चोटें पहले की थीं- थाना प्रभारी
वहीं थाना प्रभारी विनोद सिंह ने कहा कि एक घटना की सिलसिले में पूछताछ के लिए इस थाने बुलाया गया था, जहां इसने बताया कि इस घबराहट हो रही जिसके बाद इसे अस्पताल ले जाया गया था. जिसके बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया. उसके शरीर पर जो चोट के निशान हैं, वह पहले के हैं. पुलिस द्वारा किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई है.
कार्रवाई नहीं हुई तो होगा बड़ा विरोध प्रदर्शन
वहीं घटना के बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी पीड़ित के घर पहुंचे और उसकी आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद रावण से बात कराई.जिसके बाद उन्होंने सभी आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर देने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि अगर कार्रवाई नहीं की जाती है तो एक बड़ा विरोध प्रदर्शन जिले में किया जाएगा.
ADVERTISEMENT









