Raebareli Road Accident: रायबरेली में तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार दंपती को रौंदा, पति की मौत; पत्नी गंभीर घायल

रायबरेली के हरचंदपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार थार जीप ने सड़क पार कर रहे बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी. हादसे में पति की मौके पर मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है.

Newzo

28 Mar 2026 (अपडेटेड: 28 Mar 2026, 03:39 PM)

follow google news

रायबरेली: जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र में आज एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती काल के गाल में समा गए. तेज रफ्तार थार जीप ने सड़क पार कर रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

यह भी पढ़ें...

​सड़क पार करते समय हुआ हादसा

​जानकारी के अनुसार, मिलएरिया थाना क्षेत्र के ग्राम रुकनापुर बैखरा निवासी सुशील कुमार अपनी पत्नी संगीता के साथ किसी काम से जा रहे थे. जैसे ही उनकी बाइक हरचंदपुर क्षेत्र के आस्तिक मंदिर के पास पहुँची और वे रोड क्रॉस करने लगे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार थार जीप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सुशील की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

​परिजनों में मचा कोहराम

​हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. राहगीरों की मदद से पुलिस ने घायल संगीता को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. जैसे ही हादसे की खबर रुकनापुर गाँव में सुशील के परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.वहीं ​हरचंदपुर पुलिस का कहना है कि मृतक के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें: Moradabad Group Clash: महिला पर अभद्र टिप्पणी पड़ी भारी: मुरादाबाद में बीच सड़क पर लाठी-डंडों से भिड़े दो गुट, 14 पर केस दर्ज