रायबरेली: डंपर की टक्कर से ई-रिक्शा के उड़े परखच्चे,चालक की मौत, महिला घायल

Raebareli Accident News:रायबरेली के लालगंज में डंपर और ई-रिक्शा की भीषण टक्कर में 17 वर्षीय किशोर देवा की दर्दनाक मौत हो गई. सब्जी लेकर जा रहे किशोर को तेज रफ्तार डंपर ने मधुकरपुर के पास कुचल दिया.

Raebareli Road Accident

Newzo

24 Mar 2026 (अपडेटेड: 24 Mar 2026, 11:32 AM)

follow google news

Raebareli Accident News: रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के मधुकरपुर के पास एक अनियंत्रित डंपर ने सब्जी लदे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में ई-रिक्शा चालक की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई. जबकि पास खड़ी एक महिला गंभीर रूप से घायल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

यह भी पढ़ें...

​सब्जी लेकर जा रहा था किशोर

​जानकारी के अनुसार, मधुकरपुर निवासी देवा (17) पुत्र संतोष मंगलवार को अपने ई-रिक्शा पर सब्जी लादकर जा रहा था. जैसे ही वह गांव के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और देवा सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया.

​चपेट में आई राहगीर महिला

​हादसे के वक्त सड़क किनारे खड़ी महिला सुनीता पत्नी रोहित भी डंपर की चपेट में आने से घायल हो गई. स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

​परिजनों में मचा कोहराम

​जिला अस्पताल में इलाज के दौरान 17 वर्षीय देवा ने दम तोड़ दिया.किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. पुलिस के मुताबिक, डंपर को कब्जे में लेने का प्रयास किया जा रहा है. घायल महिला का उपचार जारी है.

क्या बोले पुलिस अधिकारी

लालगंज कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. डंपर की टक्कर से किशोर की मौत हुई है.शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी.