Raebareli News: रायबरेली-प्रतापगढ़ हाईवे पर एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में दो बाइकें आपस में टकरा गईं. नरही चौराहा के पास हुए इस हृदयविदारक हादसे में दो लोगों की जान चली गई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जानकारी के अनुसार, भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे हुलासी निवासी दिनेश कुमार (49) पुत्र देवी दर्शन अपनी बाइक से किसी काम के लिए निकले थे. जैसे ही वह हाईवे पर नरही चौराहा के समीप पहुंचे, तभी सामने से देवी नगर निवासी विकास (22) पुत्र रज्जनलाल की बाइक आ गई.
ADVERTISEMENT
अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक सामने आए एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में दोनों बाइकों का संतुलन बिगड़ गया और उनकी आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पाकर मौके पर पहुंची भदोखर पुलिस ने आनन-फानन में एंबुलेंस के जरिए दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही मृतक दिनेश और विकास के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे. अपनों को खोने के गम में परिजनों की चीख-पुकार से अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया. पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी कर शवों को विच्छेदन गृह (पोस्टमार्टम हाउस) भेज दिया है. सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि हादसा साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में हुआ है. दोनों बाइकों की भिड़ंत में दो व्यक्तियों की मृत्यु हुई है. वाहनों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT









