UP News: इस समय फिल्म धुरंधर-2 काफी चर्चाओं में है. बॉक्स ऑफिस में भी फिल्म जबरदस्त कमाई कर रही है. फिल्म में उत्तर प्रदेश का माफिया रहे अतीक अहमद से जुड़ा किरदार भी दिखाया गया है. बता दें कि अब इसी को लेकर सपा से निष्कासित विधायक पूजा पाल ने अपना बयान दिया है. आपको बता दें कि पूजा पाल के विधायक पति राजू पाल की हत्या का आरोप अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ पर लगा था.
ADVERTISEMENT
पूजा पाल ने सपा को खूब घेरा
धुरंधर-2 में अतीक अहमद की एंट्री को लेकर सपा विधायक पूजा पाल ने बड़ा और तीखा बयान दिया है. पूजा पाल ने यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ को यूपी का धुरंधर मुख्यमंत्री बताया है. उन्होंने कहा है कि सीएम योगी ने ही यूपी में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है.
इस दौरान पूजा पाल ने अखिलेश यादव और सपा पर जमकर निशाना साधा है. पूजा पाल ने कहा, अगर यूपी में अखिलेश यादव की सरकार होती तो वह भी अपने पति की तरह यानी राजू पाल की तरह मार दी जातीं. पूजा पाल ने कहा कि अतीक अहमद ने सिर्फ उनके ही परिवार को नहीं, बल्कि उनकी तरह हजारों युवाओं की जिंदगी भी बर्बाद की थी.
सपा के संरक्षण में अतीक देश को खोखला करता रहा- पूजा पाल
सपा और अतीक के रिश्तों पर सख्त बयान देते हुए पूजा पाल ने कहा, समाजवादी पार्टी के संरक्षण में अतीक अहमद दीमक की तरह देश और समाज को अंदर ही अंदर खोखला करता रहा. अतीक अहमद अखिलेश यादव का सबसे बड़ा फाइनेंसर था. पूजा पाल ने आगे कहा, इसलिए ही अतीक की मौत का गम सपा नेताओं को आज भी है.
राजनीतिक और आर्थिक रिश्ते थे- पूजा पाल
सपा पर निशाना साधते हुए विधायक पूजा पाल ने कहा, अतीक अहमद के मारे जाने से जिन लोगों को तकलीफ है, वह कहीं न कहीं उसके राजनीतिक और आर्थिक रिश्तों को दर्शाता है. यहां तक की राम गोपाल यादव ने तो अतीक की मौत का बदला लेने जैसी बातें की थी. ये शब्द अखिलेश यादव की सोच को दिखाते हैं. पूजा पाल ने साफ कहा क सपा नेताओं के बयानों से साफ है कि अतीक को लेकर उनकी सहानुभूति अभी भी खत्म नहीं हुई है.
आपको बता दें कि विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाहों में से एक रहे उमेश पाल और उनकी सुरक्षा में लगे यूपी पुलिस के गनर को अतीक अहमद के गुर्गों ने सरेआम प्रयागराज में मार डाला था. इसमें खुद अतीक अहमद का बेटा भी शामिल था. इस दौरान सरेआम बमबाजी की गई थी और उमेश पाल और यूपी पुलिस के पुलिसकर्मियों पर गोलियां बरसाई गई थी. इसके बाद एनकाउंटर में अतीक का बेटा, उसके गुर्गे भी मार दिए गए थे. इस मामले में कुछ दिनों बाद पुलिस हिरासत में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ को भी कुछ युवकों ने गोलियां मार दी थीं.
ADVERTISEMENT









