यूपी में बनी अगर सपा की सरकार तो महिलाओं को मिलेंगे सालाना इतने रुपये, अखिलेश का बड़ा ऐलान

UP News: अखिलेश यादव का बड़ा एलान- 2027 में सपा सरकार बनने पर महिलाओं को 'नारी समृद्धि योजना' के तहत मिलेंगे सालाना 40,000 रुपये. सपा चीफ ने कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा.

संतोष शर्मा

• 04:19 PM • 22 Mar 2026

follow google news

UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अभी से बड़ा चुनावी दांव खेल दिया है. लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरते हुए महिलाओं के लिए एक बड़ी आर्थिक घोषणा की है. अखिलेश यादव ने नारी समृद्धि योजना का ऐलान करते हुए कहा है कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर महिलाओं को सालाना 40000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. उन्होंने कहा कि 'असली सरकार और असली विकास साल 2027 में ही आएगा."

यह भी पढ़ें...

हथेली गर्म तो पुलिस नरम: अखिलेश का कानून व्यवस्था पर तीखा हमला

अखिलेश यादव ने प्रदेश की वर्तमान कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर योगी सरकार पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस का नया सिद्धांत बन गया है 'हथेली गर्म तो पुलिस नरम.' गोरखपुर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां कानून-व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो चुकी है और बेटियां असुरक्षित हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के अपने सांसद ही सरकार की पोल खोल रहे हैं और आरोपियों को न बख्शने की चेतावनी दे रहे हैं. 

सड़कों के मानकों और ग्रीन कॉरिडोर पर घेरा

अखिलेश ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का नाम लिए बिना कहा कि वह लखनऊ के लिए कुछ अच्छा करना चाहते थे और उन्होंने ग्रीन कॉरिडोर बनाने का प्रयास किया, लेकिन मुख्यमंत्री ने इसे बर्बाद कॉरिडोर बना दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि इस सड़क का निर्माण मानकों के खिलाफ है और इसमें पैदल चलने वालों के लिए कोई जगह नहीं छोड़ी गई है. 

बीजेपी पर लगाया साजिश का आरोप

सपा अध्यक्ष ने पश्चिम बंगाल से लेकर उत्तर प्रदेश तक भाजपा पर चुनावी साजिश रचने का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि भाजपा बंगाल में अपने लोगों को पैसे पहुंचाने और चुनाव में धांधली करने की ट्रेनिंग दे रही है जो बाद में यूपी में भी यही काम करेंगे. अखिलेश ने कहा कि भाजपा की इस रणनीति का जवाब PDA (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) एकता से दिया जाएगा.