यूपी Tak का खास शो आज का यूपी राज्य की सियासत और सामाजिक हलचलों का सटीक दर्पण है, जिसमें हम उत्तर प्रदेश की तीन सबसे बड़ी खबरों का गहराई से विश्लेषण करते हैं. आज के अंक में हम सबसे पहले बात करेंगे बाराबंकी में भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और करणी सेना के पूर्व नेता अभिनव सिंह के बीच उपजे उस जातीय विवाद की, जिसने तीखे बयानों की नई जंग छेड़ दी है. इसके साथ ही, केंद्र सरकार में मंत्री और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी को मिली जान से मारने की धमकी और उनकी सुरक्षा को लेकर उठते सवालों पर चर्चा होगी. अंत में, हम विश्लेषण करेंगे बिहार की राजनीति के दिग्गज केसी त्यागी के अगले सियासी ठिकाने का, जिनके रालोद में शामिल होने की अटकलें तेज हैं.
ADVERTISEMENT
चंद्रशेखर आजाद बनाम अभिनव सिंह
बाराबंकी में हाल ही में हुआ विवाद अब एक गंभीर जातीय मोड़ ले चुका है. करणी सेना के पूर्व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अभिनव सिंह और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के बीच जुबानी जंग तीखी हो गई है. मामला तब शुरू हुआ जब अभिनव सिंह ने चंद्रशेखर को बाराबंकी में न घुसने देने की धमकी दी थी. इसके जवाब में चंद्रशेखर न सिर्फ बाराबंकी आए, बल्कि मंच से हुंकार भरते हुए तीखा बयान भी दिया.
इस सब के बीच करणी सेना ने अभिनव सिंह को संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दिया. निष्कासन के बाद अभिनव सिंह का दर्द सोशल मीडिया पर छलका है. उन्होंने एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी. उन्होंने चंद्रशेखर पर पुलिस सुरक्षा के घेरे में आने का तंज कसा. फिलहाल, इस विवाद ने इलाके में जातीय ध्रुवीकरण को हवा दे दी है.
जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी दूसरी बड़ी खबर केंद्रीय मंत्री और आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी से जुड़ी है. जयंत चौधरी के निजी स्टाफ और सहायक विश्वेंद्र शाह के फोन और व्हाट्सएप पर गंदी गालियां और जान से मारने की धमकी भरे संदेश मिले हैं. जांच में पता चला है कि धमकी देने वाले शख्स का नाम इस्माइल है, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का रहने वाला है.
इस मामले में दिल्ली और पश्चिम बंगाल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस धमकी के बाद अब राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या जयंत चौधरी को Z+ श्रेणी की सुरक्षा दी जानी चाहिए? उनके समर्थक और पार्टी नेता लगातार उनकी सुरक्षा कड़ी करने की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके.
क्या रालोद का दामन थामेंगे केसी त्यागी?
आज की तीसरी बड़ी खबर सियासी गलियारों में मचे बदलाव के संकेतों से जुड़ी है. जनता दल यूनाइटेड (JDU) के दिग्गज नेता और नीतीश कुमार के बेहद करीबी रहे केसी त्यागी को लेकर अटकलें हैं कि उनका अगला ठिकाना राष्ट्रीय लोक दल (RLD) हो सकता है. सूत्रों के मुताबिक, केसी त्यागी की जयंत चौधरी के साथ हाल ही में मुलाकात और बातचीत हुई है.
हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर जॉइनिंग की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि त्यागी अपनी पुरानी विचारधारा वाली राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए रालोद को सबसे उपयुक्त मंच मान रहे हैं. अगर केसी त्यागी रालोद में शामिल होते हैं, तो यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश और रालोद के संगठनात्मक ढांचे के लिए एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है.
यहां देखें पूरा शो
ADVERTISEMENT









