रायबरेली: जिले की सड़कों पर जब सन्नाटा पसरा था, तब खाकी और खौफ के सौदागरों के बीच 'आर-पार' की जंग छिड़ी थी. नसीराबाद से शुरू हुआ पुलिस का पीछा बछरावां की सरहद पर जाकर खत्म हुआ, जहां बदमाशों की पिस्तौलें पुलिस के इकबाल के आगे फेल हो गईं. शातिर लुटेरे भागने की फिराक में थे, लेकिन रायबरेली पुलिस की अचूक रणनीति ने उनके मंसूबों को धुआं-धुआं कर दिया.
ADVERTISEMENT
नसीराबाद और बछरावां में दोहरी मुठभेड़
जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और अंतरजनपदीय लुटेरों के बीच दो अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ हो गई. जवाबी फायरिंग में दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए हैं, जबकि उनके तीन अन्य साथियों को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया. घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है. अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि नसीराबाद थाना क्षेत्र के परशदेपुर मार्ग पर पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी थी. इसी बीच एक ईको गाड़ी और मोटरसाइकिल पर सवार कुछ संदिग्ध आते दिखे. पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सूरज नाम का बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया.
घेराबंदी कर दबोचे गए पांचों बदमाश
नसीराबाद में हुई मुठभेड़ की सूचना पर पूरे जिले की पुलिस अलर्ट हो गई. थुलेंडी चौकी (बछरावां) के पास घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग की. यहाँ आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में मार्को उर्फ अभिनंदन घायल हो गया. मौके से पुलिस ने उनके तीन अन्य साथियों— मनीष, पिंटू और अनिकेत को भी गिरफ्तार कर लिया है.
शातिर हत्यारों और लुटेरों का है गिरोह
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पकड़ा गया गिरोह बेहद शातिर है और रायबरेली समेत आसपास के कई जनपदों में लूट व चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था. घायल बदमाश सूरज और मार्को का पुराना आपराधिक इतिहास है और वे पहले भी हत्या व लूट जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं. पुलिस अब इनके अन्य साथियों और वारदातों के बारे में विस्तार से छानबीन कर रही है. मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम पूरी तरह सुरक्षित है. बदमाशों के पास से अवैध असलहे, कारतूस और संदिग्ध वाहन बरामद किए गए हैं.
ADVERTISEMENT









