यूपी Tak का खास शो 'आज का यूपी' राज्य की राजनीतिक और सामाजिक हलचलों का सटीक विश्लेषण पेश करता है. आज के अंक में हम राज्य की तीन बड़ी और चौंकाने वाली खबरों पर चर्चा करेंगे. पहली खबर प्रतापगढ़ के एक आशिकाना मिजाज पूर्व प्रधान की है जिसकी 18 बच्चों का पिता होने के बावजूद अय्याशी के चलते बेरहमी से हत्या कर दी गई. दूसरी खबर AIMIM प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के उस विवादित बयान की है, जिसमें उन्होंने 11 विधायक जीतने पर पुलिसकर्मियों के एनकाउंटर की बात कही है. तीसरी खबर में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर का शौकत अली को दिया गया वह तीखा और अपशब्दों भरा जवाब है, जिसने प्रदेश की सियासत में उबाल ला दिया है.
ADVERTISEMENT
1.18 बच्चों का पिता और 'अय्याश' पूर्व प्रधान के कत्ल की खौफनाक दास्तान
प्रतापगढ़ के एक गांव से एक ऐसी कहानी सामने आई है जिसने सबको सन्न कर दिया है. यहां के पूर्व प्रधान मुस्तका गुलशन उर्फ मुन्ना की लाश नहर किनारे एक बोरे में बंद मिली. मुन्ना की जिंदगी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं थी. 50 साल की उम्र में उसकी दो पत्नियां और कुल 18 बच्चे थे.
जांच में सामने आया कि इतनी बड़ी गृहस्थी होने के बाद भी मुन्ना गांव की अन्य महिलाओं, विशेषकर हिंदू महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था. उसकी यही आशिकी उसकी मौत का सबब बनी. आरोप है कि एक दलित महिला जिससे उसके संबंध थे, ने अपने प्रेमी और भाइयों के साथ मिलकर मुन्ना को रास्ते से हटा दिया. क्योंकि वह उनके बीच आ रहा था. पुलिस इस मामले में 'लव जिहाद' और 'आपराधिक लापरवाही' जैसे सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
2. शौकत अली का विवादित बोल: "11 विधायक जिताओ, पुलिस का कर देंगे एनकाउंटर"
AIMIM के यूपी प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली अपने भड़काऊ बयानों के लिए एक बार फिर सुर्खियों में हैं. एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने खुलेआम धमकी दी कि अगर 2027 के चुनाव में जनता उन्हें केवल 11 विधायक जिता कर दे दे, तो वह उन पुलिसकर्मियों का एनकाउंटर करवा देंगे जो मुसलमानों का एनकाउंटर करते हैं.
शौकत अली का यह बयान कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला माना जा रहा है. इस बयान के वायरल होते ही मेरठ पुलिस ने उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर ली है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बयान मुस्लिम वोटों के ध्रुवीकरण की एक कोशिश है.
राजभर का पलटवार: शौकत अली को सरेआम 'गरियाया', बताया कम पढ़ा-लिखा
शौकत अली के बयान पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बेहद आक्रामक अंदाज में पलटवार किया है. राजभर ने बातचीत की शुरुआत ही कड़े अपशब्दों से की और शौकत अली को 'बेवकूफ' और 'कम ज्ञान वाला' व्यक्ति बताया. राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि जब 111 विधायक लेकर अखिलेश यादव कुछ नहीं कर पाए तो 11 विधायक वाला क्या करेगा. उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार में 'सबका साथ सबका विकास' के तहत मुस्लिम बच्चे IAS बन रहे हैं. जबकि विपक्षी दल केवल नमाज और सड़क पर विवाद तक ही सीमित रखते थे. राजभर के इस बयान ने सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है.
ADVERTISEMENT









