UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मार्च के आखिरी हफ्ते में मौसम का मिजाज मिला-जुला बना हुआ है. लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार, 25 मार्च को प्रदेश में मौसम सामान्य रहेगा. हालांकि स्थानीय स्तर पर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. फिलहाल भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है. लेकिन आने वाले दिनों यानी 26 से 28 मार्च के बीच हल्की बारिश और 29 मार्च से मौसम में बड़े बदलाव की संभावना जताई गई है.
ADVERTISEMENT
25 मार्च के मौसम का हाल
आज यानी 25 मार्च को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है. लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. धूप और छांव के इस खेल के बीच तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे दोपहर के समय थोड़ी गर्माहट महसूस होगी.
कल से शुरू होगा बूंदाबांदी का सिलसिला
मौसम विभाग का अनुमान है कि 26 मार्च से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो सकती है.27 मार्च को वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और अयोध्या समेत पूर्वांचल के कई जिलों में बादलों के बरसने की संभावना है. हालांकि 28 मार्च तक किसी बड़े अलर्ट की जरूरत नहीं है क्योंकि यह बारिश केवल स्थानीय स्तर पर छिटपुट ही रहेगी. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार असली बदलाव 29 मार्च से देखने को मिलेगा. इस दौरान प्रदेश के एक बड़े हिस्से में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं. बारिश की तीव्रता बढ़ने से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे मार्च के जाते-जाते लोगों को एक बार फिर गर्मी से राहत मिलेगी.
ADVERTISEMENT









