UP News: मथुरा के थाना सदर बाजार इलाके के औरंगाबाद स्थित महादेव नगर कॉलोनी में रहने वाली मीरा ठाकुर उर्फ हरिया पर सनसनीखेज आरोप लगा है. आरोप है कि ई रिक्शा चलाने वाली मीरा ठाकुर उर्फ हरिया जासूसी कर रही थी. देश के खिलाफ जासूसी करने के आरोप में गाजियाबाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
आपको बता दें कि युवती गाजियाबाद के कौशांबी में ई-रिक्शा चलाती थी. पुलिस ने मीरा के मोबाइल में मथुरा के कई संवेदनशील इलाकों के फोटो बरामद किए हैं. इलाके के लोगों का कहना है लोग उसे हरिया के नाम से जानते थे और उसकी गतिविधियां संदिग्ध रही हैं. अब कौशांबी पुलिस ने जासूसी करने के आरोप में उसे अरेस्ट किया है.
मेकैनिक भी रह चुकी है मीरा
जासूसी के शक में पकड़ी गई मीरा ठाकुर उर्फ हरिया ई रिक्शा चलाने से पहले मेकैनिक थी. मिली जानकारी के मुताबिक, वह कुछ बड़ा करना चाहती थी. इसके बाद से ही वह गलत राह पर चल पड़ी. अब गाजियाबाद में वह जासूसी के आरोप में गिरफ्तार हो गई है और उससे पूछताछ जारी है.
मीरा के भाई नरोत्तम ने बताया, मीरा की शादी 2012 में आगरा के खेरिया मोड निवासी मुकेश के साथ हुई थी. शादी के 2 साल बाद दोनों वहां से मकान बेचकर मथुरा के सदर इलाके के औरंगाबाद में रहने लगे थे. मीरा ने किराए की दुकान लेकर औरंगाबाद में मेकैनिक का काम भी किया था.
भाई ने ये भी बताया है कि मीरा को दिल्ली पुलिस साल 2025 में असलाह तस्करी के आरोप में भी गिरफ्तार कर चुकी है. इस दौरान भी उसे जेल भेजा गया था. रिहा होने के बाद से उसने ई रिक्शा चलानी शुरू कर दी थी. अब उसे देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
नौशाद और सोहेल नाम के युवकों से है संपर्क
मिली जानकारी के मुताबिक, मीरा ने पूछताछ में बताया है कि उसका संपर्क नौशाद और सोहेल नाम के 2 युवकों से है. वह सोशल मीडिया पर नौशाद से मिली थी. फिर वह सोहेल और नौशाद के ग्रुप से जुड़ गई थी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT









