UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. आज, 31 मई को भी राहत की उम्मीद नहीं है और पूरे राज्य में मौसम खराब रहने वाला है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इसके साथ ही, तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है, इसलिए मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने के लिए कहा गया है.
ADVERTISEMENT
31 मई को कैसा रहेगा यूपी का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक 31 मई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण अभी गर्मी से राहत बनी हुई है, लेकिन 31 मई के बाद मौसम के प्रभाव में कमी आ सकती है. जून के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
इन जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट
31 मई को प्रदेश के कई जिलों में मेघगर्जन, बिजली चमकने और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. पूर्वांचल और मध्य यूपी के जिलों में बारिश की संभावना ज्यादा जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर और अयोध्या समेत कई जिलों में बारिश और गरज-चमक का असर रह सकता है.
इसके अलावा पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भी तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
इन जिलों में कितना रह सकता है तापमान?
31 मई को मौसम में बदलाव के चलते कई जिलों में तापमान सामान्य से कम रह सकता है, हालांकि जून की शुरुआत में पारा तेजी से चढ़ने के संकेत हैं.
लखनऊ में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री के आसपास रह सकता है. प्रयागराज, वाराणसी और कानपुर में तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. गोरखपुर, बस्ती और देवरिया में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री तक रह सकता है. वहीं झांसी, बांदा और हमीरपुर जैसे बुंदेलखंड के जिलों में तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. पश्चिमी यूपी के मेरठ, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में तापमान 34 से 36 डिग्री के बीच रहने की संभावना है.
लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान घरों में रहने की सलाह दी है. तेज आंधी और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है. खुले मैदान, नदी, तालाब और जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है. साथ ही बिजली के उपकरणों को सावधानी से इस्तेमाल करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह भी दी गई है.
जून की शुरुआत में बढ़ेगी गर्मी
फिलहाल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक रहने वाली नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार 31 मई के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है और जून के पहले सप्ताह में तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. ऐसे में एक बार फिर भीषण गर्मी का दौर लौटने के आसार हैं.
यह भी पढ़ें: Shul Yog 2026: 14 जून से शुरू होगा खतरनाक शूल योग! इन 4 राशियों पर मंडरा रहा संकट, संभलकर उठाएं हर कदम
ADVERTISEMENT









