UP Weather Update: यूपी में आज इन जिलों में होगी भीषण बारिश… मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

यूपी तक

30 May 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Uttar Pradesh Weather Update: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है. मौसम विभाग ने आज यानि 30 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है.

Uttar Pradesh Weather Update News

Uttar Pradesh Weather Update News

Google CTA

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है. मौसम विभाग ने आज यानि 30 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. इसके चलते अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे प्रदेश में चल रही हीटवेव पूरी तरह खत्म होने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें...

कई जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मेघगर्जन, वज्रपात और बारिश हो सकती है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो कुछ स्थानों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत बुंदेलखंड व मध्य यूपी के जिलों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. वहीं सोनभद्र, मिर्जापुर, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी और सीतापुर सहित पूर्वांचल और तराई क्षेत्रों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

लोगों और किसानों के लिए जारी की गई सलाह

मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग का कहना है कि तेज हवाओं और वज्रपात के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है और दृश्यता भी कम हो सकती है. लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है. निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है.

फसलों को नुकसान की आशंका

विशेषज्ञों के अनुसार तेज आंधी और बारिश का असर किसानों की फसलों पर भी पड़ सकता है. गन्ना, मक्का, उर्द और मूंग जैसी खड़ी फसलों के गिरने या उनके फूल और फल झड़ने की संभावना है. इसके अलावा आम और केले के बागानों को भी नुकसान पहुंच सकता है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम खराब रहने के दौरान सिंचाई न करें, पौधों को सहारा दें और खेतों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखें.