UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने आज यानि 19 जुलाई को पूरे प्रदेश में बारिश को लेकर ताजा पूर्वानुमान जारी किया है. विभाग के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है. कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है.
ADVERTISEMENT
पश्चिमी यूपी के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
आईएमडी के अनुसार आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, बागपत, हापुड़, मुजफ्फरनगर, संभल, रामपुर, बरेली, अलीगढ़, मथुरा और आगरा में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. विभाग का कहना है कि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. इसके साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात का भी खतरा बना रहेगा.
पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए भी जारी चेतावनी
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, फतेहपुर, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, देवरिया, कुशीनगर और गोरखपुर समेत कई जिलों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं. विभाग ने इन इलाकों में भी कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना जताई है.
ऑरेंज अलर्ट के साथ IMD ने दी यह चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग ने अपने बुलेटिन में कहा है, 'संभाग में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की बहुत संभावना है. मेघगर्जन के साथ वज्रपात होने की संभावना है.' मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली गिरने की आशंका वाले खुले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है.
किसानों के लिए IMD की अहम सलाह
आईएमडी ने किसानों से मौसम को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है. भारी बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए खेतों में अनावश्यक कार्य करने से बचें. फसल की कटाई, दवा का छिड़काव और सिंचाई जैसे कार्य मौसम सामान्य होने के बाद ही करें. साथ ही पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें और स्थानीय प्रशासन व मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखें.
आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें. भारी बारिश के दौरान जलभराव वाले रास्तों पर जाने से बचें और केवल जरूरी होने पर ही यात्रा करें. किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट का पालन करें.
ADVERTISEMENT











