Jantar Mantar Student Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच मंगलवार को उस समय तनाव बढ़ गया, जब प्रदर्शनकारियों को हटाने के दौरान दिल्ली पुलिस और आरएफ की टीमों ने लाठीचार्ज किया. बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में छात्र संसद मार्च के लिए जंतर-मंतर पहुंचे थे. भारी बारिश के बावजूद सुबह से ही प्रदर्शनकारियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही थी. पुलिस कार्रवाई के बाद कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया. वहीं, भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों का अनशन भी खत्म करा दिया गया है.
ADVERTISEMENT
जंतर-मंतर पहुंचे हजारों प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में युवा और छात्र मौजूद रहे. सुबह दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश हुई, लेकिन इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों का पहुंचना जारी रहा. प्रदर्शनकारी संसद की ओर मार्च करने की तैयारी में थे. इसी दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई. तस्वीरों में भीड़ और पुलिस की कार्रवाई के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल नजर आया.
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी रहा प्रदर्शन
प्रदर्शनकारी लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. उनका आरोप था कि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है. प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहे थे, लेकिन उन पर कार्रवाई की गई.
भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों का अनशन खत्म
जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे छात्रों और अभ्यर्थियों का अनशन पुलिस प्रशासन की ओर से खत्म करा दिया गया. इनमें नेहा समेत कई छात्र शामिल थे, जो अपनी मांगों को लेकर अनशन पर बैठे थे. वहीं, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अनशन खत्म कराने के बाद भी उनका आंदोलन जारी रहेगा और वे अपनी मांगों को लेकर पीछे नहीं हटेंगे.
हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी
लाठीचार्ज के बाद कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया. हिरासत में लिए गए एक प्रदर्शनकारी ने कहा, जब हमने शांति से अपनी आवाज उठाई है तो उस आवाज को दबाने का काम सरकार ने किया है. मैं आपके माध्यम से बता दूं कि मुझे एक को उठाओगे तो हजार और पैदा होंगे. उसने आगे कहा, मैं जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से हूं. आज यहां लाखों लोग इकट्ठे हुए हैं और कल भी लाखों लोग इकट्ठे होंगे. ये सेना के लोग, जिनकी हम दिल से इज्जत करते हैं, ये भी मजबूर हैं. हम इन्हें कुछ नहीं कहते. लेकिन हमारी सरकारें अंधी हो चुकी हैं. जब तक सरकार की आंखें नहीं खुलेंगी और जब तक सरकार गद्दी से नहीं हिलेगी, हम लड़ते रहेंगे. जब तक शरीर में आखिरी कतरा है, मैं लड़ता रहूंगा.
प्रदर्शनकारी ने पुलिस को दी चुनौती
प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी पुलिस के सामने आकर विरोध करता दिखाई दिया. उसने पुलिस कार्रवाई के दौरान कहा कि उसे जितना मारना है मार लें, लेकिन वह अपनी जगह से नहीं हटेगा. इसके बाद सुरक्षा बलों की ओर से कई प्रदर्शनकारियों पर लाठियां चलाई गईं. फिलहाल जंतर-मंतर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस की निगरानी जारी है. प्रदर्शनकारी अभी भी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं.
ADVERTISEMENT











