Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 17 गांवों में करीब 3.5 करोड़ रुपये की लागत से 2,600 नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी. प्राधिकरण ने इस काम के लिए सर्वे और टेंडर की प्रक्रिया को पूरा कर लिया है. इसके साथ ही अगस्त महीने से लाइटें लगाने का काम भी शुरू हो जाएगा. इस योजना के तहत गांवों में डार्क जोन पूरी तरह से खत्म हो जाएगा और लोगों को रात के दौरान आवागमन में आसानी होगी और सुरक्षा भी मजबूत होगी.
ADVERTISEMENT
साढ़े तीन करोड़ रुपये होंगे खर्च
इन 17 गांवों में नई स्ट्रीट लाइट लगाने के काम पर लगभग 3.5 करोड़ रुपये का खर्च होंगे. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने लाइटें लगाने के लिए टेंडर की पूरी प्रक्रिया खत्म कर ली है. इसके साथ ही, लाइटें किन जगहों पर लगानी हैं, इसका सर्वे भी पूरा हो गया है. तो वहीं अगले एक महीने के अंदर इन गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा.
इन 17 गांवों में लगेगी लाइट
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने जिन 17 गांवों में डार्क जोन की पहचान की है, उनमें सूरजपुर, भोला रावल, तिलपता करनवास, कुलेसरा, कैलाशपुर उर्फ किराचपुर, बिसरख, ऐमनाबाद, सादोपुर, इटेड़ा, खोदना खुर्द, खैरपुर गुर्जर, छपरौला, खेड़ा धर्मपुरा, मिलकलच्छी, खेड़ी, भनौता और सुनपुरा शामिल हैं. इन सभी गांवों की गलियों और रास्तों पर जल्द ही एलईडी लाइटें जगमगाने लगेंगी.
अब तक लगीं एक लाख लाइटें
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर बिजली विभाग इस काम को तेजी से कर रहा है. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पुरानी पीली (सोडियम) लाइटों को हटाकर उनकी जगह नई और तेज रोशनी वाली एलईडी लाइटें लगा रहा है. डार्क जोन को रोशन करने की इस मुहिम के तहत अब तक गांवों और सेक्टरों को मिलाकर कुल एक लाख से ज्यादा स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं.
सुरक्षा के लिए लाइटें बहुत जरूरी
प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट में अंधेरी जगहों की पहचान करके वहां तेजी से लाइटें लगाई जा रही हैं. 17 गांवों में टेंडर का काम पूरा हो चुका है. उन्होंने कहा कि गांवों का अंधेरा दूर करने के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा के लिए भी सड़कों पर स्ट्रीट लाइट का होना बहुत जरूरी है.
ADVERTISEMENT











