Raja Bhaiya Shooting Champion: जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया इन दिनों खूब चर्चा में है. इस बार उनके चर्चा में रहने की वजह राजनीति नहीं, बल्कि उनका पुराना बंदूकों का शौक है. राजा भैया ने यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में हिस्सा लिया और कांस्य पदक जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो भी शेयर किया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह अपने एक हाथ में बंदूक लेकर निशाना लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं. अब लोग इस वीडियो की खूब चर्चा कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT
शूटिंग चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक
राजा भैया ने यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में राइफल की ट्रैप शूटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था. इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने कांस्य पदक जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया है. अब उनके इस निशानेबाजी के वीडियो की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है. इतना ही नहीं भदरी रियासत से ताल्लुक रखने वाले राजा भैया के परिवार का हथियारों से काफी पुराना इतिहास भी रहा है.
रखते हैं जेम्स बॉन्ड वाली पिस्टल
एक इंटरव्यू में राजा भैया ने खुद बताया था कि उनके पास 'वाल्थर पीपीके' नाम की पिस्टल है. यह वही मशहूर पिस्टल है, जिसका इस्तेमाल हॉलीवुड की मशहूर जेम्स बॉन्ड की फिल्मों में किया जाता है. राजा भैया हथियारों के बहुत बड़े शौकीन और जानकार हैं. दशहरे के दिन वह अपने हथियारों की पूजा भी करते हैं, जिसका एक वीडियो भी सामने आ चुका है. उनके भाई अक्षय प्रताप का कहना है कि उनके पास मौजूद सभी हथियार लाइसेंसी हैं.
पिता और बेटी भी हैं शूटर
हथियारों का यह शौक सिर्फ राजा भैया तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उनके परिवार को भी है. उनके पिता भी नेशनल लेवल के शूटर रह चुके हैं. वहीं, राजा भैया की बेटी राघवी कुमारी भी डबल ट्रैप शूटिंग खेलती हैं. राघवी ने शूटिंग प्रतियोगिता में जूनियर महिला वर्ग में स्वर्ण पदक भी जीता था और वह इस खेल में लगातार सक्रिय रहती हैं.
बंदूकों के इस्तेमाल पर लगे आरोप
राजा भैया पर बंदूकों के गलत इस्तेमाल के भी गंभीर आरोप लगते रहे हैं और उनके खिलाफ कई एफआईआर भी दर्ज हुईं हैं. मायावती सरकार के दौरान जब उन पर पोटा लगाया गया था, इस दौरान उनके घर से एके-47 मिलने का दावा भी किया गया था. हालांकि राजा भैया ने इसे सरकार की साजिश बताया था. इसके अलावा पूर्व विधायक राजा बुंदेला को धमकाने और एक फल वाले को पिस्टल दिखाने जैसे आरोप भी उन पर लग चुके हैं. उनकी पत्नी भानवी कुमारी ने भी उन पर अवैध हथियार रखने के आरोप लगाए थे.
यूपी चुनाव के लिए सियासी तैयारी
पूर्वांचल की राजनीति में राजा भैया आज भी काफी सक्रिय हैं. उनकी पार्टी जनसत्ता दल का फिलहाल किसी से गठबंधन नहीं है. साल 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने अपनी सीट पर अप्रत्याशित रूप से सपा प्रत्याशी का समर्थन किया था. हालांकि राजा भैया अकसर राम और हिंदुत्व की राजनीति में भी सक्रिय भी रहते हैं. जिससे वो बीजेपी के भी ज्यादा करीब दिखते हैं. राजा भैया का कुंडा और बाबागंज सीट पर गहरा प्रभाव है. नवंबर में वह अपने इलाके में एक बड़ा धार्मिक पाठ भी कराने वाले हैं. 2022 में सपा के गुलशन यादव ने उनके खिलाफ चुनाव लड़कर जीत का अंतर कम कर दिया था, इसलिए अगले चुनाव में उनके सामने नई सियासी चुनौतियां होंगी.
ADVERTISEMENT











